चंडीगढ़ में तापमान बढ़ गया है।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में बढ़ते तापमान ने लोगों के पसीने निकाल दिए हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 12 साल में सबसे अधिक रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। उसके बाद तापमान में थोड़ी नरमी आ सकती है। 48 घंटे बाद बारिश की भी संभावना जताई गई है।
आमतौर पर फरवरी का मौसम सुहावना रहता है। अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच दर्ज किया जाता रहा है। इसके साथ बीच-बीच में बारिश आती रहती थी। इससे तापमान सामान्य के करीब रहता था, लेकिन इस बार स्थिति थोड़ी विपरीत है।
फरवरी के शुरुआती दिनों को छोड़कर अब तक बारिश नहीं हुई है। हालांकि, कई पश्चिम विक्षोभ आएं, लेकिन इसका असर सिर्फ पहाड़ों तक सीमित रहा। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया है कि लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना बन रही है। इससे अगले कुछ दिनों में बारिश होने के आसार हैं।
इस बारिश के असर से तापमान में कमी आ सकती है। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 32 से 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।