चंडीगढ़। विजय हजारे ट्रॉफी से चंडीगढ़ की टीम बाहर हो गई है। सोमवार को हुए मैच में जम्मू-कश्मीर की टीम ने चंडीगढ़ को
8 विकेट से हरा दिया। कोलकाता में खेली जा रही ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ई में चंडीगढ़ 12 अंकाें के साथ दूसरे स्थान पर रहा, वहीं सौराष्ट्र 16 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहा। टूूर्नामेंट में चंडीगढ़ ने कुल पांच मैच खेले, जिनमें तीन में जीत और दो में हार का सामना करना पड़ा।
सोमवार को हुए मुकाबले में चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पूरी टीम 49 ओवर में 241 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाजों मोहम्मद अर्सलन खान और कप्तान मनन वोहरा ने टीम को तूफानी शुरुआत दी, लेकिन तीसरे ओवर में 23 के निजी स्कोर पर अर्सलन खान अपना विकेट गवां बैठे। इसके बाद आए बल्लेबाज शिवम भांबरी (2) भी सस्ते में आउट हुए। उस समय टीम का स्कोर 42 पर दो विकेट रहा। दूसरे छोर पर डटे कप्तान मनन वोहरा का साथ देने आए अंकित कौशिक ने तीसरे विकेट की साझेदारी के लिए 71 रन जोड़े । मैच के 21वें ओवर में कप्तान मनन वोहरा 54 के निजी स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद जम्मू एंड कश्मीर के गेंदबाजों ने चंडीगढ़ के किसी भी बल्लेबाज को अधिक देर तक क्रीज पर टिकने नही दिया। अंकित कौशिक 44 रन, रमन बिश्नोई ने 31 रन, उदय कौल 26 रन, बिपुल शर्मा 7 रन, और जसकरनदीप सिंह 21 रन पर चलते बने। गौरव गंभीर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में जम्मू एंड कश्मीर से उमर नाजीर, परवेज रसूल और अकीब नबी ने 3-3 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू एंड कश्मीर की टीम ने 34वें ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 245 बनाकर मैच को जीत लिया। शुभम ने शानदार 120 रन की पारी खेली। उनका विकेट भागमेंद्र लादेर ने लिया। हेनान नजीर 110 रन पर नाबाद रहे।
प्रतियोगिता में चंडीगढ़ की टीम का प्रदर्शन
1. 27 फरवरी को सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में 62 रन से मिली हार
2. 25 फरवरी को हुए रोमांचक मुकाबले में सर्विसेज की टीम को 5 रन से हराया
3. 23 फरवरी को ईडन गार्डन में मेजबान बंगाल को 5 विकेट से हराया
4. 21 फरवरी को हरियाणा की टीम को तीन विकेट से हराया