सिटी ब्यूटीफुल की शूटर अंजुम मोदगिल को दिल्ली में 21 जनवरी को रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित करेंगे। देशभर में एनसीसी की ओर से आयोजित विभिन्न गेम्स में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यह सम्मान दिया जाता है।
अंजुम मोदगिल को सम्मान के लिए चुने जाने पर उनके परिवार के अलावा शहर के शूटर्स में भी खुशी का माहौल है। पिता सुदर्शन और मां शुभ मोदगिल ने बताया कि हमारी बेटी ने परिवार का नाम रोशन किया है। हमे उस पर गर्व है।
पिता सुदर्शन ने बताया कि अंजुम दिल्ली रवाना हो चुकी है। हमें भी दिल्ली आने का खास न्योता मिला है। हमारे लिए वह अनमोल लम्हा होगा, जब हमारे सामने अंजुम को पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
मां से मिली प्रेरणा
अंजुम की मां शुभ मोदगिल भी एनसीसी की कैडेट और शूटर रही हैं। जब भी समय मिलता था, वह अपनी बेटी को शूटिंग रेंज साथ लेकर जाती थीं। वहीं से अंजुम को भी इसमें रुचि होने लगी। मां से प्रेरणा लेकर ही उन्होंने शूटिंग कंपटीशन में हिस्सा लेना शुरू किया।
ओलंपियन को हराकर सुर्खियों में आईं अंजुम
अंजुम मोदगिल उस समय सुर्खियों में आईं, जब उन्होंने ओलंपियन अंजलि भागवत को नेशनल में हराकर गोल्ड मेडल जीता। पिछले साल कुवैत में खेली गई एशियन चैंपियनशिप में अंजुम ब्राउंज मेडल जीतने में कामयाब रही थी।
इससे अलावा पिछले साल ही दिल्ली में शूटिंग की नेशनल चैंपियनशिप में विभिन्न इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह मेडल जीते थे।