चंडीगढ़ में अकाली विधायकों ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में पेट्रो उत्पादों पर वैट कम नहीं करने के फैसले पर शिरोमणि अकाली दल के विधायकों ने कड़ा एतराज जताया है। अकाली विधायक सरकार के इस फैसले के विरोध में गुरुवार को बैलगाड़ी से विधानसभा के लिए रवाना हुए। हालांकि पुलिस ने इन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान विधायकों ने पंजाब सरकार से पंजाब में पेट्रो उत्पादों की कीमत पांच रुपये कम करने की मांग की।
पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार सुबह अकाली दल के विधायक एमएलए हॉस्टल पर एकत्र हुए। जहां शरनजीत सिंह ढिल्लों और बिक्रम सिंह मजीठिया की अगुवाई में सभी विधायक बैलगाड़ियों पर सवार होकर विधानसभा के लिए रवाना हुए। विधानसभा से पहले रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जहां से वह कार के जरिए विधानसभा पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शन करते हुए विधायकों ने ‘लोगों को लूटना बंद करो’ तथा ‘वैट घट करो’ के नारे लगाए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मजीठिया ने कहा कि पंजाब में पेट्रोलियम उत्पादों पर लगाए जा रहे भारी वैट को कम करने की जिम्मेदारी वित्तमंत्री मनप्रीत बादल और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की है। ऐसा करने के बजाय कांग्रेस सरकार केंद्र के साथ एक तय मैच खेल रही है, क्योंकि पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के परिणामस्वरूप वैट में इसी तरह की बढ़ोतरी हुई। इस मुद्दे से निपटने के बजाय राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी केंद्र के पास शिफ्ट करने की कोशिश कर रही है।