शहर की खाली पड़ी 16 पेड पार्किंग साइट्स की नीलामी 12 जनवरी को की जाएगी। नगर निगम की ओर से सात जनवरी को टेक्निकल बिड खोली जाएगी। इसके बाद आवेदकों को ऑक्शन के लिए बुलाया जाएगा।
दो महीने पहले 12 नवंबर को भी निगम ने इन पार्किंग साइट्स के लिए ऑक्शन रखी थी, लेकिन इस दिन बोलीदाता न आने से ऑक्शन रद्द कर दी गई। अब दोबारा नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की गई है।
गौरतलब है कि शहर में निगम के अधीन 24 पेड पार्किंग साइट्स हैं, जिनसे सालाना पांच करोड़ से ज्यादा आय होती है। इनमें से 16 पार्किंग साइट्स की नीलामी की जानी है, जिनमें से कई पिछले एक साल से खाली हैं। दूसरी ओर, पार्किंग कॉन्ट्रेक्टर सर्विस टैक्स न देने पर अड़े हैं। इससे निगम और कॉन्ट्रेक्टर्स में विवाद चल रहा है।
सबसे महंगी पार्किंग सेक्टर-17 की
सेक्टर-17 में साहिब सिंह पार्किंग के लिए सबसे ज्यादा रिजर्व प्राइज रखा गया है। इस पार्किंग का रिजर्व प्राइज 47.93 लाख रुपये है। पिछले साल यह पार्किंग साइट 71 लाख रुपये सालाना पर नीलाम हुई थी। सेक्टर-35 की पार्किंग के लिए रिजर्व प्राइज 45.46 लाख रुपये रखा है। इनके अलावा बाकी साइट्स का रिजर्व प्राइज भी लाखों में है।