चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की ऑनलाइन परीक्षा का दूसरा चरण आठ मार्च से शुरू होगा। इस दौर में परास्नातक के प्रथम व द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का शामिल किया जा रहा है। इसके साथ जिन विद्यार्थियों के दाखिले दिसंबर में हुए थे, उनको तीसरे चरण की परीक्षा में शामिल किए जाने की तैयारी है। यह परीक्षा 15 मार्च से होगी। हालांकि, पीयू अभी मंथन कर रही है कि विद्यार्थियों को बिना परेशानी के परीक्षा में शामिल किया जाए। इसके लिए खाका तैयार हो रहा है।
पीयू की सेमेस्टर परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुई थीं। इसके लिए ऑनलाइन मॉडल तैयार किया गया था और यह कारगर भी हुआ। विद्यार्थी घर बैठकर परीक्षा दे रहे हैं। इस परीक्षा में स्नातक वर्ग के अलावा परास्नातक के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है और लगभग दो लाख विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। अब पीयू दूसरे चरण की परीक्षा की तैयारी में जुटी है।
सूत्रों का कहना है कि दूसरे चरण की परीक्षा में भी 20 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे, जो ऑनलाइन परीक्षा देंगे। इन विद्यार्थियों को भी प्रश्नपत्र वेबसाइट के जरिए मुहैया कराया जाएगा और उत्तर पुस्तिकाएं ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से ली जाएंगी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. जगत भूषण कहते हैं कि ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली काफी कारगर रही है। अगली परीक्षाओं की तैयारी में टीम जुटी है।