चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की चार मार्च को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। अब यह परीक्षाएं छह मार्च को होंगी। इसके लिए वेबसाइट पर नोटिस लगा दिया गया है। विद्यार्थी पीयू की वेबसाइट पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं।
बता दें कि पीयू और पंजाब के शिक्षक चार मार्च को परीक्षाओं का बहिष्कार करने वाले हैं, इसे देखते हुए पीयू ने यह फैसला लिया है। शिक्षकों की उनकी मांग है कि सहायक प्रोफेसरों के नए वेतनमान के आदेश वापस लिए जाएं। शिक्षकों ने पीयू को नोटिस दिया था और उसके बाद निर्णय लिया गया।
पंजाब सरकार ने हाल ही में नए तैनात होने वाले सहायक प्रोफेसरों का वेतनमान तय किया है, जिसका विरोध पूरे पंजाब के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में चल रहा है। चरणबद्ध तरीके से शिक्षक प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी को लेकर चार मार्च को प्रांतीय रैली का आयोजन चंडीगढ़ में किया जा रहा है। हजारों शिक्षक शामिल होंगे। यह प्रकरण पीयू के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को भी बता दिया गया है कि वह परीक्षा के लिए अपनी कोई व्यवस्था कर लें क्योंकि चार मार्च को सभी शिक्षक रैली में शामिल होंगे।
पुटा के सचिव अमरजीत सिंह नौरा का कहना है कि शिक्षकों को नए वेतनमान के आदेश से नुकसान हो रहा है। ऐसे में इस आदेश को वापस लिया जाना चाहिए। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए भी अधिकारियों से कहा गया है। उधर, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने चार मार्च की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।