शहर में डमी क्लास के नाम पर मोटी कमाई करने वाले प्राइवेट स्कूलों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। चंडीगढ़ कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स ब्रिटिश और एसडी-32 स्कूल के खिलाफ सीबीएसई और यूटी शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भेजेगा। इन दोनों स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है। इस संबंध में सीसीपीसीआर चेयरपर्सन की ओर से रिपोर्ट पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार चाइल्ड राइट्स कमीशन ने सेक्टर-44 स्थित ब्रिटिश स्कूल और सेक्टर-24 स्थित एसडी स्कूल में छापेमारी कर स्कूलों में डमी क्लास का मामला पकड़ा था। जांच के समय स्कूलों के रिकार्ड में तो स्टूडेंट्स थे, लेकिन क्लास में स्टूडेंट्स नहीं मिले। सेक्टर-24 एसडी स्कूल में बुधवार को कमीशन की टीम ने छापेमारी की थी। स्कूल की क्लास में एक भी स्टूडेंट हाजिर नहीं मिला स्कूल प्रिंसिपल भी इस मामले में कोई सही जवाब नहीं दे सकीं।
इंफ्रास्ट्रक्चर के नाम पर स्कूल में तीन लैब और एक हॉल में क्लास बनाई गई थी। उधर कुछ रोज पहले ब्रिटिश स्कूल में की गई छापेमारी में भी आधे से अधिक स्टूडेंट्स गायब मिले थे। कमीशन की टीम ने मनीमाजरा स्थित गुरुकुल ग्लोबल स्कूल, सेक्टर-26 स्थित गुरु गोबिंद सिंह कोलिजिएट स्कूल और सेक्टर-36 स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल में भी छापेमारी की थी, लेकिन इन स्कूलों में टीम को कोई खामी नहीं मिली।