चंडीगढ़ में लड़कियां अब बेखौफ होकर घर से बाहर निकल पाएंगी और बिना किसी डर के अपने काम कर सकेंगी। ये एसएसपी जगदाले का वादा है। दरअसल चंडीगढ़ की महिलाओं के लिए यूटी पुलिस संकट मोचन साबित होगी। इसके लिए पुलिस जल्द ही एक एप लांच करेगी। इस एप में जीपीएस के जरिये पावर बटन की सुविधा दी जाएगी। इसे क्लिक करते ही जरूरतमंद के पास चंद मिनटों में पुलिस के जवान पहुंच जाएंगे।
पुलिस का दावा है कि खास तौर से सिटी की महिलाओं और सीनियर सिटीजन की सेफ्टी केलिए यह सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। पुलिस की कोशिश होगी कि आरोपी को भागने का मौका ही न मिले। एप के माध्यम से मिले मैसेज के आधार पर जरूरतमंद की त्वरित सहायता की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस की ओर से एक वट्सअप नंबर पहले ही जारी किया जा चुका है, जहां लोग अपनी शिकायत दर्ज करते हैं।
एसएसपी निलांबरी विजय जगदले ने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस केलिए महिलाओं और सीनियर सिटीजन की सुरक्षा प्राथमिकता है। पुलिस की ओर से एक ऐसा ऑप्लिकेशन तैयार किया जा रहा है, जो जल्द महिलाओं को पावर बटन की सुविधा देगा। इसे तय समय तक दबाने के बाद इलाके की पुलिस तत्काल सतर्क हरकत में आएगी। एप का इस्तेमाल करने के लिए इसे मोबाइल फोन में डाउनलोड करना होगा। इसमें यूजर को लॉगिन कर अपनी तमाम जानकारी देनी होगी।
इसमें दर्ज यूजर के परिजन का मोबाइल नंबर भी पुलिस के लिए मददगार साबित होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिसयूजर के परिवार से संपर्क साध सके। एसएसपी ने बताया कि इस एप को स्मार्ट बनाने के लिए जीपीएस की सुविधा से लैस किया जाएगा, ताकि पुलिस समय गंवाए लोकेशन पर पहुंच सके। उन्होंने बताया कि इस एप को कंट्रोल रूप में लगाए जाने वाले सर्वर से जोड़ा जाएगा।
ऐसे काम करेगा एप
एसएसपी ने बताया कि इस एप के जरिए शिकायतकर्ता और पुलिस कंट्रोल रूम चंद सेकेंड में एक-दूसरे से जुड़ जाएंगे। मैसेज मिलते ही तत्काल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस अलर्ट हो जाएगी। लोकेशन की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारियों को दी जाएगी। मोबाइल फोन कर स्विच ऑफ हो जाने पर भी पूरे इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा जा सकेगा।
एसएसपी ने बताया कि अब तक शिकायत के लिए 100 नंबर पर फोन की सुविधा है। इसमें शिकायतकर्ता को अपनी पूरी लोकेशन बतानी पड़ती है, लेकिन कई बार पीड़ित मुसीबत में होने के कारण पूरी जानकारी दे पाने में असमर्थ होता है। एप इन परेशानियों का समाधान करेगा।