काजला गांव के दो सुपारी किलर को सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी राजपाल उर्फ राजू व जितेंद्र उर्फ काला हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सुपारी चंडीगढ़ पुलिस के एक कर्मचारी घिराय निवासी जंगजीत ने अपने सौतेले भाई को ही मरवाने के लिए दी है। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने भी आगे सौदा तय कर दिया। उन्होंने जंगजीत के कहने पर उसके सौतेले भाई संदीप उर्फ बोरी को मरवाने के लिए उमरा के एक युवक को काम सौंप दिया।
सीआईए पुलिस इंस्पेक्टर मुकेश ने बताया कि आरोपियों ने फिलहाल दो लाख रुपये व हथियार जंगजीत से लिए हैं। इनका सौदा करीब 30 लाख रुपये के आसपास हुआ है। पुलिस को गुप्त सूचना मिल गई थी कि चंडीगढ़ पुलिस का एक कर्मचारी अपने सौतेले भाई को मरवाना चाहता है। कर्मचारी ने काजला गांव के दो युवकों को सुपारी दे रखी है।
जमीन हथियाना चाहता है जंगजीत
सीआईए पुलिस के जांच अधिकारी संजय ने बताया है कि रणजीत पहलवान ने तीन शादियां की थी। जंगजीत पहलवान की दूसरी पत्नी का बेटा है। तीसरी पत्नी संतोष का बेटा संदीप उर्फ बोरी है। जंगजीत अपने मामा के यहां चंडीगढ़ में रहता है और वहां पुलिस कर्मचारी है। दूसरा संदीप पाबड़ा में रहता है। पहलवान के कई एकड़ जमीन है। पुलिस के अनुसार, जंगजीत संदीप उर्फ बोरी की जमीन हथियाना चाहता है। इससे पहले भी पहलवान के परिवार में हत्या हो चुकी है। मंजीत मर्डर केस में पहले भी इन्हीं के परिवार का व्यक्ति आपसी झगड़े में मारा गया था।
मंजीत मर्डर केस से जुड़े हैं तार
सीआईए पुलिस इंस्पेक्टर मुकेश का कहना है कि टिब्बा दाना शेर क्षेत्र में कुछ महीने पहले घिराय निवासी पहलवान के एक बेटे मंजीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने का आरोप उसके ही किरायेदार पर लगा था। हालांकि इस मामले में मंजीत के परिजनों की तरफ से संदीप उर्फ बोरी पर भी हत्या मामले में शामिल होने का आरोप लगाया गया था।
कोर्ट में पेश कर मांगेंगे रिमांड
सीआईए पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। सुपारी किलर का मामला काफी पेचीदा है। इसमें उमरा का भी एक युवक शामिल है पूछताछ में युवक के बारे में पूछताछ की जाएगी और जंगजीत द्वारा उपलब्ध करवाए गए हथियार भी बरामद किए जाएंगे। पुलिस ने बताया है कि मामले की शिकायत संदीप की मां संतोष ने दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है।