पीजीआई में गार्डों की वर्दी का रंग जल्द बदलेगा। एसएसपी के पत्र के बाद पीजीआई प्रशासन ने अपने गार्डों की खाकी वर्दी का रंग बदलने पर सहमति जता दी है। एसएसपी ईश सिंघल को दिए जवाब में पीजीआई ने कहा है कि जल्द ही कमेटी की मीटिंग कर नए वर्दी पैटर्न को तय किया जाएगा।
गौरतलब है कि 8 मार्च 2017 को पीजीआई पुलिस चौकी ने पीजीआई को पत्र लिखकर गार्डों की वर्दी का रंग बदलने के लिए लिखा था। उनका कहना था कि पीजीआई में आने वाले ज्यादातर मरीज और उनके परिजनों से कभी गार्ड किसी तरह का अभद्र व्यवहार करते थे तो खाकी समझकर पीड़ित पुलिस पर आरोप लगाते थे।
एसएसपी ने कहा, पीजीआई गार्ड नहीं पहन सकते खाकी वर्दी
चौकी पुलिस द्वारा भेजे वर्दी के बदलाव के पत्र पर पीजीआई प्रशासन ने 15 दिन में जवाब फाइल कर दिया। उन्होंने खाकी वर्दी चेंज करने से इनकार करते हुए कहा था कि केंद्र के पैटर्न पर वर्दी पहले से चल रही है। पीजीआई की ओर से जवाब मिलने के बाद चौकी इंचार्ज ईरम रिजवी ने अपनी रिपोर्ट बनाकर पुलिस विभाग के आला अधिकारियों को भेजी। उन्होंने लिखा कि अब मामला उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। इस पर आला अधिकारी उचित फैसला लेकर आर्डर करें।