दो मिनट का मौन धारण कर दी श्रद्धांजलि
फॉसवेक के मुख्य प्रवक्ता और सेक्टर- 38 वेस्ट आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने चंडीगढ़ में अवैध रूप से घरों में चल रहे पीजी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि चंडीगढ़ प्रशासन ने सही समय पर इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए होते तो सेक्टर- 32 में हुए हादसे को टाला जा सकता था। सभी सदस्यों ने इस हादसे में मरने वाले के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा।
बैठक में सदस्यों ने उठाए ये मुद्दे
- सेक्टर- 8 के हाउस होल्डर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान आरएस गिल ने चंडीगढ़ में दिन प्रतिदिन बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या और इस संबंध में नगर निगम की उदासीनता पर रोष जताया।
- फॉसवेक के मुख्य सलाहकार केएस पंछी ने कहा की नगर निगम और प्रशासन अब प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने की तैयारी कर रहा है जो अनुचित है। चंडीगढ़ को स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर लोगों पर अनावश्यक कर लगाए जा रहे हैं।
- सलाहकार केएस चौधरी ने डंपिंग ग्राउंड से उठते प्रदूषण और बदबू को लेकर कहा कि इसे रोकने के नगर निगम के सभी दावे खोखले सिद्ध हुए हैं।
- सोशल वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-18 के उप प्रधान एचएस सरों ने कहा कि नगर निगम द्वारा बनाई गई वार्ड कमेटियों का क्या औचित्य है जब उनकी मीटिंग ही नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि वेलफेयर एसोसिएशन को मीटिंग के लिए काउंसलर की लिखित अनुमति के बिना कम्यूनिटी सेंटर को प्रयोग करने नहीं दिया जाता जो गलत है।
- सेक्टर 38 वेस्ट रेजिडेंट्स यूनाइटेड फ्रंट के सलाहकार एसके बुद्धिराजा ने कहा की चंडीगढ़ में साफ सफाई की दशा बहुत खराब है और जगह-जगह कूड़े के ढेर देखे जा सकते हैं।