सड़क मार्ग से यूपी ले जाने की बात से चिंता में है मुख्तार अंसारी।
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब की रोपड़ जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी सड़क के रास्ते उत्तर प्रदेश की बांदा जेल भेजा जाएगा। सड़क के रास्ते भेजे जाने की खबर से विधायक दहशत में आ गया है। माफिया विकास दुबे की गाड़ी पलटने के बाद से डॉन अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। मुख्तार पहले ही विकास दुबे की गाड़ी पलटने की घटना को लेकर पंजाब सरकार से अपनी सुरक्षा के लिए गुहार लगा चुका है।
उत्तर प्रदेश जाने को लेकर चिंतित अंसारी अब अधिकतर समय जेल में बनी अपनी विशेष बैरक में ही बिता रहा है। चिंता से भूख आधी रह गई है, खाना भी एक ही समय खा रहा है। पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) द्वारा मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश ले जाने को लेकर यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी को चिट्ठी लिखी है। जिसमें मुख्तार को आठ अप्रैल से पहले ले जाने को कहा गया है। साथ ही यूपी जेल में सभी सुविधाएं और चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराने को कहा गया है।