फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में महिला डॉक्टर समेत सात पॉजिटिव, 51 डिस्चार्ज, मोहाली में चार और पंचकूला में एक संक्रमित

Fri, 05 Jun 2020 08:36 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़/मोहाली/पंचकूला
विज्ञापन
कोरोना पॉजिटिव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

चंडीगढ़ में शुक्रवार को एक महिला डॉक्टर के अलावा बापूधाम के एक ही परिवार के छह सदस्यों में कोरोना की पुष्टि हुई। इन सात मरीजों के मिलने के साथ शहर में कोरोना के कुल 309 मामले हो गए हैं। जिस डॉक्टर में कोरोना का संक्रमण पाया गया है, वह सेक्टर 22 के स्वास्थ्य केंद्र में तैनात हैं।

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद केंद्र के गाइनी डिपार्टमेंट की पांच डॉक्टरों समेत 30 स्टाफ का टेस्ट कराया जा चुका है। बाकी सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, डॉक्टर के संक्रमित होने के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है। उधर, बापूधाम के एक ही परिवार के 14 वर्षीय किशोर, 10 साल के दो बच्चे, 3 साल की एक बच्ची, 35 और 40 वर्षीय महिलाएं संक्रमित पाई गईं हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह सभी कम्युनिटी कॉन्टेक्ट में आकर कोरोना पॉजिटिव हुए हैं।  
 

 

यह भी पढ़ें- दो घंटे से ज्यादा पबजी नहीं खेल सकेंगे बच्चे, लेनी होगी माता-पिता की मंजूरी

विज्ञापन


वहीं, दूसरी ओर सूद धर्मशाला में क्वारंटीन किए गए कोरोना पॉजिटिव 51 मरीजों को डिस्चार्ज कर शुक्रवार को घर भेज दिया गया। इनमें बापूधाम के 50 और एक मरीज सेक्टर 56 का है। सेक्टर-56 निवासी मरीज में कोरोना की पुष्टि होने पर वह चंडीगढ़ से भागकर प्रतापगढ़ स्थित अपने गांव चला गया था। उसे भी शुक्रवार को ठीक होने के बाद घर भेज दिया गया है जबकि पीजीआई में अभी सात पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। उन सभी को आईसीयू में रखा गया है। वहीं, दो संदिग्ध की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। 

लोगों से अपील, सोशल डिस्टेंसिंग का करें पालन

कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की अपील कर रहा है। जीएमएसएच-16 के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. वीके नागपाल का कहना है कि मास्क और सैनिटाइजर के प्रयोग की आदत को बनाए रखना होगा। ये दोनों चीजें हमेशा के लिए हमारी सेहत को मेंटेन करने में मददगार साबित होंगी। 

सेक्टर-30बी निवासियों को आजादी मिली, हटा कंटेनमेंट जोन
पिछले दो दिनों से चले आ रहे विरोध के बाद सेक्टर-30बी निवासियों को आजादी मिल गई है। यूटी प्रशासन ने शुक्रवार को सेक्टर-30बी से कंटेनमेंट जोन हटा दिया है। इसके बाद पिछले कई हफ्तों से घरों में कैद 530 मकानों के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। अब यहां के लोग अपने काम के लिए बाहर आ-जा सकते हैं। आने वाले दिनों में धनास की कच्ची कॉलोनी और बापूधाम के कुछ अन्य पॉकेट को भी आजाद किए जा सकते हैं।

सेक्टर-30बी को मिली आजादी के बाद अब शहर में सिर्फ दो कंटेनमेंट जोन धनास की कच्ची कॉलोनी और बापूधाम रह गए हैं। चार इलाके सेक्टर-52, सेक्टर-38 वेस्ट के कुछ हिस्से, मनीमाजरा का शास्त्री नगर और सेक्टर-30बी से कंटेनमेंट जोन को हटा दिया गया है। प्रशासन की सख्ती हटने के बाद शुक्रवार को सेक्टर-30बी के लोगों में खुशी दिखी। उनका कहना है कि स्थानीय लोगों की एकजुटता की वजह से ही प्रशासन की नींद खुली और उन्हें आजाद किया गया है। 

गौरतलब है कि सेक्टर-30बी में पिछले दो दिनों से विरोध चल रहा था। गुरुवार को लोगों ने वेंडर्स से फल और सब्जी खरीदने से मना कर दिया, राशन बांटने आए प्रशासन की गाड़ियों का भी स्थानीय लोगों ने बहिष्कार कर दिया। नगर निगम की तरफ से इलाके में कूड़ा उठाने आई गाड़ियों को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा और उन्हें बिना कूड़ा लिए ही वापस जाना पड़ा। इसे देखते हुए प्रशासन के अधिकारियों ने गुरुवार को यूटी गेस्ट हाउस में प्रभावित एरिया कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक के बाद प्रशासन के अधिकारियों ने कहा था कि आखिरी फैसला प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से बातचीत कर शुक्रवार को लिया जाएगा।
विज्ञापन

मोहाली में चार लोग कोरोना पॉजिटिव, एक ने जीती जिदंगी की जंग

कोरोना महामारी के चलते एक दिन की राहत के बाद शुक्रवार को जिला मोहाली में जहां कोरोना के चार नए केस सामने आए हैं, वहीं, एक एनआरआई व्यक्ति ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीत ली है। इसके साथ ही अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या जहां 17 हो गई है, वहीं कुल मरीजों का आंकड़ा 127 पहुंच गया है। जबकि 103 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। 

शुक्रवार को मोहाली में पॉजिटिव आए मरीजों में एक मरीज सेक्टर-70 का 61 वर्षीय बुजुर्ग है। जबकि तीन मरीज सेक्टर-78 के रहने वाले हैं। यह तीनों लोग दिल्ली से मोहाली पहुंचे कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए थे। सभी को ज्ञान सागर अस्पताल (बनूड़) में दाखिल कराया गया है।

अब स्वास्थ्य विभाग की टीम उक्त एरिया में सर्वे और सैंपलिंग का काम कर रही है। दूसरी तरफ ज्ञान सागर अस्पताल (बनूड़) में दाखिल डेराबस्सी के एनआरआई ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीत ली है। जिसके बाद उसे घर भेज दिया है। हालांकि डॉक्टरों ने उसे खुद ही घर पर क्वारंटीन में रहने को बोला है।

पंचकूला में पिता के बाद बेटा भी मिला पॉजिटिव 
सेक्टर 12/ए में पिता के बाद अब उनका 19 वर्षीय बेटा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक की रिपोर्ट शुक्रवार को आई, जिसमें उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। सत्रह दिन पहले दिल्ली में रहने के बाद 52 वर्षीय व्यक्ति 24 मई को पंचकूला के सेक्टर 12/ए स्थित अपने घर लौटे थे। इसके बाद वह परिवार के साथ रहे। 

इसी बीच उनकी तबीयत खराब होने पर उन्होंने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और सैंपल दिए। तीन जून को वह कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनके पूरे परिवार और संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लिए। कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में लोगों को घरों में रहने को कहा है। साथ ही सफाई कर्मचारी भी सफाई का विशेष ध्यान रख रहे हैं।
जांच में बेटा भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक को नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में भर्ती करवाया गया है। साथ ही उसके संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। - डॉक्टर जसजीत कौर, सिविल सर्जन, पंचकूला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें