सांसद किरण खेर और मेयर कुलदीप कुमार
- फोटो : अमर उजाला
पिछले 10 साल से चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। शुक्रवार को रोज फेस्टिवल के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने अपने भाषण में इस ओर इशारा किया।
किरण खेर ने कहा कि वह बतौर सांसद पिछले 10 साल से फेस्टिवल में शामिल हो रही हैं। वह इस रोज फेस्टिवल को छोड़ना नहीं चाहती थी। खेर ने कहा कि, इसके बाद कभी आऊंगी दोस्त की तरह शायद। खेर के इन शब्दों में मायूसी नजर आई। इसके कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
कार्यक्रम के बाद कुछ लोगों ने कहा कि यह कहकर सांसद ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अगली बार खुद को सांसद के रूप में नहीं देख रही हैं। उधर, किरण खेर के करीबियों का भी यही कहना है कि अब वो चुनाव नहीं लड़ना चाहती। इसलिए ही चुनाव के इतना करीब होने के बाद खेर चुनावी मोड में नजर नहीं आ रही हैं।
रोज फेस्ट में नाम न लेने पर मेयर को दी सीख
शहर के नवनिर्वाचित मेयर कुलदीप कुमार बतौर मेयर शुक्रवार को पहली बार किसी सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे थे। पहले ही कार्यक्रम में उन्होंने अपने संबोधन में सांसद किरण खेर का नाम लेना भूल गए। इससे सांसद खफा हो गईं और मंच से उन्होंने कह दिया कि शहर के नवनिर्वाचित मेयर उनका नाम लेना भूल गए। पता नहीं शायद जानबूझकर भूले हों, लेकिन जब पद पर होते हैं तो प्रोटोकॉल को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा-आप और कांग्रेस के अधिकतर पार्षद उपस्थित रहे तो प्रशासक ने भी उन्हें कटुता मिटाकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वहीं सांसद का नाम न लेने पर मेयर कुलदीप कुमार ने कहा कि मैंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया है। मुझे पहली बार इतने बड़े मंच से बोलने का मौका मिला। मुझे जो स्पीच मिली थी, उसमें सांसद का नाम नहीं लिखा था। मेरे लिए भी ये पहली बार था। हालांकि मुझे लगता है कि सांसद को इतना खफा नहीं होना चाहिए था, क्योंकि प्रशासक ने भी माना कि ये गलती से हुआ।