चंडीगढ़ में इस साल 13 दिन पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी थी। इसके बावजूद पिछले पांच साल के मुकाबले इस साल मानसून सबसे कमजोर रहा। जुलाई और अगस्त महीने में अनुमान के मुताबिक काफी कम बारिश हुई, जबकि सितंबर में अनुमान से 19 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। ऐसा कई साल बाद हुआ है कि मानसून अक्तूबर महीने में वापस जा रहा है।
यह भी पढ़ें - चंडीगढ़: आयुध निर्माणी अब हुई इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड, निगमीकरण होने से बदला 58 साल पुराना इतिहास
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष औसत से 29 फीसदी कम बारिश हुई है। शहर में मानसून जून से सितंबर के बीच सक्रिय रहता है। इस साल जून में 8, जुलाई में 48 और अगस्त में 44 फीसदी औसत से कम बारिश हुई, जबकि सितंबर महीने में ज्यादा बारिश हो गई। अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को शहर के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश हुई, जिसकी वजह से कई इलाकों में पानी भर गया। शुक्रवार को भी बादल छाए रहने के आसार हैं और बारिश हो सकती है। शनिवार को भी मौसम विभाग ने बारिश होने का अनुमान लगाया है। रविवार से मौसम साफ हो जाएगा।
इस वर्ष सीजन की बारिश
महीना बारिश (एमएम) औसत (एमएम) अंतर (प्रतिशत)
जून 119.4 130.2 -8
जुलाई 148.1 283.3 -48
अगस्त 162.2 287.8 -44
सितंबर 172.5 145.2 +19
सीजन (जून-सितंबर) 600.2 846.5 -29
पिछले पांच साल में हुई बारिश
वर्ष बारिश (एमएम) औसत (एमएम) अंतर (प्रतिशत)
2021 600.2 846.5 -29
2020 791.1 846.5 -7
2019 716.4 846.5 -15
2018 993.3 844.2 18
2017 752.8 844.2 -11