विश्व साइकिल दिवस पर शुक्रवार को चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर मेयर सरबजीत कौर ने कहा कि दिनभर धूप में साइकिल से काम करने वाले श्रमिक शहर में साइक्लिंग को बढ़ावा देने वाले असली चैंपियन हैं। रोज गार्डन से शुरू हुई रैली ने जनमार्ग से होते हुए 8.4 किलोमीटर तक का सफर तय कर सुखना लेक तक पहुंची। कार्यक्रम में मेयर व निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने भी साइकिल चलाकर स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
मेयर ने कहा कि चंडीगढ़ देश का ऐसा शहर है जहां 200 किलोमीटर तक साइकिल ट्रैक बना है। इसके उपयोग के लिए पब्लिक बाइक शेयरिंग योजना के तहत शहर में 2500 साइकिलें चल रही हैं। जल्द ही 2500 साइकिलें और मिलेंगी। कार्यक्रम रैली में सबसे ज्यादा श्रमिकों को शामिल किया गया, जिसमें साइकिल से टिफिन घरों तक पहुंचाने वाले, माली व अन्य लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम से पहले उनकी साइकिलों पर स्टिकर भी लगाए गए ताकि रात के समय किसी प्रकार की कोई दुर्घटना न हो। रैली में लगभग एक हजार लोग शामिल हुए। जिसमें बच्चों से लेकर महिलाएं भी शामिल हुईं। आयुक्त ने कहा कि साइकिल चलाकर काम पर जाने का सबसे सुविधाजनक तरीका है, क्योंकि यह यातायात की समस्या से बचाता है और शरीर को स्वस्थ रखता है। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर दलीप शर्मा, डिप्टी मेयर अनूप गुप्ता, पार्षद महेश इंदर सिंह सिद्धू, सौरभ जोशी मौजूद रहे।
एनएसएस ओपन यूनिट ने किया ने साइक्लोथॉन 1.0 का किया आयोजन
सिरमौर एसोसिएशन और एनएसएस ओपन यूनिट ने साइक्लोथॉन 1.0 का आयोजन आयोजन किया। इसके तहत सेक्टर-15 स्थित गार्डन ऑफ साइलेंस से लेकर सुखना लेक तक साइकिल रैली निकाली गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन मौजूद रहे। आयोजन में 170 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
सुखना लेक स्थित बुद्ध गार्डन में एक बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता अमृत सागर, पीयू से डॉ. अरुण बंसल, जतिंदर कौर ने संबोधित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी बिनेश भाटिया ने यूनिट कॉर्डिनेटर रितिका वर्मा के कार्यों की प्रशंसा की। इस मौके पर उप निदेशक स्कूल शिक्षा नीना कालिया, दिनेश चौहान, मयंक शर्मा, विक्की नौटियाल, सौरव, जय प्रकाश मौजूद रहे।
नेहरू युवा केंद्र की ओर से साइकिल रैली का आयोजन
नेहरू युवा केंद्र चंडीगढ़ की ओर से राज्य स्तर पर साइकिल रैली का आयोजन किया। इस मौके पर मेयर सरबजीत कौर ने सुखना लेक से उच्च न्यायालय तक साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला युवा अधिकारी संजना वत्स ने कहा सिर्फ विशेष दिन साइकिल चलाने से बात नहीं बनेगी, इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। कार्यक्रम में स्काउट्स एंड गाइड्स, खेल विभाग सहित अन्य क्षेत्रों से लगभग 500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथी के रूप में खेल निदेशक तेजदीप सिंह सैनी, पार्षद महेश इंदर सिंह, सुरिंदर सैनी और परमजीत सिंह मौजूद रहे।