गंभीर मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए जीएमएसएच-16 की आईसीयू को 8 से बढ़ाकर 22 बेड का कर दिया गया है। आईसीयू में सभी उपकरण स्थापित किए जा चुके हैं। डॉक्टरों को प्रशिक्षण देने का क्रम जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक हफ्ते के अंदर 22 बेड की आईसीयू क्रियाशील कर दी जाएगी।
अब नहीं होगी ऑक्सीजन की कमी
ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए जीएमएसएच-16, जीएमसीएच-32 और सेक्टर-48 के अस्पताल में पहले से ही ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं, जो बिना बाधा के ऑक्सीजन उत्पादन कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पीजीआई समेत मनीमाजरा, सेक्टर-22 और सेक्टर-45 के सिविल अस्पताल में नए ऑक्सीजन प्लांट लगाने की प्रक्रिया भी जारी है। इसके साथ ही आपात स्थिति से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास 100 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर का बैकअप भी है।
किस पद पर कितनी तैनाती
रेडियोलॉजिस्ट- 4
माइक्रोबायोलॉजिस्ट- 4
बालरोग विशेषज्ञ- 6
फिजीशियन- 6
एनेस्थेटिस्ट- 6
इनकी बाकी है तैनाती
सर्जन- 1
हड्डी रोग विशेषज्ञ- 3
मेडिकल ऑफिसर- 7
तीसरी लहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए लगातार साक्षात्कार किए जा रहे हैं। अब तक 26 विशेषज्ञों की तैनाती की जा चुकी है। 22 बेड की आईसीयू भी तैयार है। -डॉ. वीके नागपाल, चिकित्सा अधीक्षक जीएमएसएच-16