सूचना पर ईस्ट एसडीएम, डीएसपी अमराव सिंह, सेक्टर-31 थाना प्रभारी परमजीत कौर सेखों समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। दमकल विभाग की टीम रविवार तक आग लगने के कारणों का पता करती रही लेकिन टीम को ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे आग के कारणों का पता चल सके। वहीं, आग में कितना नुकसान हुआ है, इसकी कोई सूची नहीं सौंपी गई है। एक अनुमान के मुताबिक लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।
कबाड़ी मार्केट में आग, दो वाहन समेत गाय झुलसी
उधर, दूसरी घटना में हल्लोमाजरा स्थित कबाड़ी मार्केट में देर रात करीब 1.30 बजे आग लगी। सूचना पर दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे के बाद आग पर काबू पाया। जांच में सामने आया कि आग मार्केट में रखे रबड़ के सामानों से शुरू हुई। आग इतनी भीषण थी कि दो थ्री व्हीलर जलकर राख हो गए, जबकि एक गाय आग में झुलस गई। गाय को सेक्टर-25 स्थित पशु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। बताया जा रहा है कि पटाखे चलाने की वजह से आग ने विकराल रूप लिया है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों ने कोई पुष्टि नहीं की है।
फैदां और हल्लोमाजरा के कबाड़ी मार्केट में अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। टीम जांच कर रही है, जल्द ही कारणों का पता लगा लिया जाएगा। -गुलशन कुमार, फायर ऑफिसर।