चंडीगढ़ में कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाकर वसंत पंचमी मनाई गई।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में परिवर्तन संस्था ने कोरोना वैक्सीन की जागरूकता के लिए गुरुवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल सेक्टर- 32 में वसंत पंचमी समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर कोरोना रूपी राक्षस की सबसे बड़ी पतंग को कोविशील्ड और कोवैक्सीन रानी पतंगों द्वारा काटा गया। इस रोचक आयोजन के जरिये लोगों को कोरोना टीकाकरण के लिए जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर जीएमसीएच 32 की डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. जसविंदर कौर के साथ ही चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रवि गुप्ता व परिवर्तन संस्था की फाउंडर रेणुका शर्मा ने लोगों को संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. जसविंदर कौर रहीं। महिलाएं पीले वस्त्र पहनकर समारोह में आई और कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
संस्था की ओर से महासचिव पंकज बाला, रितु गर्ग, तरलीन कौर और उषा शर्मा ने लोगों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक किया।
डॉ. जसविंदर कौर ने बताया कि इस समय 50 फीसदी से भी कम लोग कोरोना वैक्सीन लगवाने आ रहे हैं। कहीं न कहीं लोगों में डर बना हुआ है कि वैक्सीन जल्दी में बनी है। हालांकि जाने माने लोगों सहित 95 साल के बुजुर्गों तक ने यह वैक्सीन लगवाई है और किसी में भी कोई साइड इफेक्ट नहीं दिखा है।
डॉ. रवि गुप्ता ने कहा कि इस वैक्सीन से अभी तक कोई साइड इफेक्ट नहीं देखने को मिला और न ही कोई मौत रिपोर्ट हुई है। वैक्सीन लगवाने की जारूकता के लिए यह समारोह आयोजित किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवाएं।
रेणुका शर्मा ने बताया कि कोरोना एक राक्षस है जो हमारे लोगों को खा रहा है। उस राक्षस का अंत करने के लिए कोविशील्ड और कोवैक्सीन आईं हैं। वसंत पंचमी के इस मौके पर हम कोरोना रूपी राक्षस की बड़ी पतंग को कोविशील्ड और कोवैक्सीन रानी पतंगों के जरिए काटकर यह संदेश दे रहे हैं कि कोरोना को इन वैक्सीन के द्वारा हराया जा सकता है। इसलिए लोगों को आगे आकर यह वैक्सीन लगवानी चाहिए।