अब वकीलों और याचिकाकर्ताओं को कोर्ट के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, क्योंकि केस से जुड़ी हर तरह की जानकारी घर बैठे मिला करेगी। चंडीगढ़ जिला अदालत में जल्द शुरू होने जा रही नई पहल के तहत अब वकीलों और याचिकाकर्ताओं को केस की सुनवाई के बाद पड़ने वाली अगली तारीख की जानकारी उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मिल जाएगी। मैसेज में केस पर क्या सुनवाई हुई या अगर नहीं हुई तो इसकी भी जानकारी दी जाएगी।
वहीं नए साफ्टवेयर के तहत अब अदालत से सर्टिफाइड कॉपी भी ऑनलाइन मिल सकेगी। इसके लिए पेमेंट भी ऑनलाइन करनी होगी। जिला अदालत में जल्द ही यह प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके शुरू होने के बाद से लोगों और वकीलों को कोर्ट के चक्कर काटने से छुटकारा मिल जाएगा। फिलहाल इसके तहत डाटा जमा करने का काम किया जा रहा है। केंद्रीय सूचना प्रणाली के तहत जिला अदालत में नई व्यवस्था पर काम किया जा रहा है।
जिला अदालत प्रशासनिक कार्यालय के अनुसार इसके तहत सभी केसों से जुड़ा हुआ डाटा कंपाइल किया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद रोज शाम को हर केस की जानकारी ऑनलाइन कर दी जाएगी। इससे साफ्टवेयर के जरिए केस की जानकारी एसएमएस में मिल जाएगी। इसके अलावा अब तक अदालत से किसी केस से जुड़ी सर्टिफाइड कॉपी के लिए आवेदन करना पड़ता था। इसके कई दिन बाद जाकर वकीलों या याचिकाकर्ताओं को सर्टिफाइड कॉपी मिलती थी। लेकिन, अब यह ऑनलाइन पेमेंट करने के साथ ही तुरंत मिल सकेगी।