सेक्टर 43 जिला अदालत में बम की सूचना
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
गणतंत्र दिवस से ठीक पहले मंगलवार को चंडीगढ़ और पंचकूला के जिला अदालत को बम से उड़ाने का धमकी भरा पत्र मिलने से हड़कंप मच गया। पत्र पंचकूला जिला अदालत में मिला। सूचना मिलने पर चंडीगढ़ पुलिस भी सतर्क हो गई क्योंकि उसमें पंचकूला के साथ चंडीगढ़ जिला अदालत पर भी आतंकी हमले की बात कही गई थी। आनन-फानन दोनों जिला अदालतों को खाली कराया गया। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इस बीच चंडीगढ़ जिला अदालत में संदिग्ध हालात में एक लावारिस टिफिन मिला। इसके बाद सेना की टीम बुलाई गई लेकिन जांच में टिफिन में कोई विस्फोटक नहीं मिला।
पंचकूला के एसीपी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार को सेक्टर-1 स्थित पंचकूला जिला अदालत में वकीलों के चेंबर के साथ लगते बाथरूम में एक धमकी भरा पत्र मिला। पत्र टूटी-फूटी हिंदी में था। लिखा था कि आईएसबीटी-43 बस स्टैंड औ पंचकूला व चंडीगढ़ जिला अदालत में एक बजे तक विस्फोट या आतंकी हमला हो जाएगा। इनको यहां तक लाने वाला मैं हूं, भारतीय हूं। कार में सामान भरा हुआ है। सूचना मिलते ही मौके पर डीसीपी सहित अन्य अधिकारी पहुंचे।
बम स्क्वॉयड व डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया। करीब 6 घंटे तक तलाशी अभियान चला लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हालांकि पुलिस अब पत्र रखने वाले व्यक्ति के बारे में पता लगाने में जुटी है। पुलिस अदालत में लगे सीसीटीवी को भी खंगाल रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वकील कृष्ण शर्मा बाथरूम में गए तो उन्हें धमकी भरा पत्र दिखाई दिया।
चंडीगढ़ की एसएसपी मनीषा चौधरी ने बताया कि पंचकूला से चंडीगढ़ पुलिस को जानकारी मिली थी कि जिला अदालत और बस स्टैंड पर बम हो सकता है। इस पर तुरंत टीम भेजी गई। ऑपरेशन सेल और बम डिटेक्शन टीम भी मौके पर पहुंची। सबसे पहले अदालत परिसर को खाली कराया गया और सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस को एक कैरी बैग में लावारिस हालात में टिफिन और पानी की बोतल मिली।
बम डिटेक्शन टीम ने उसकी जांच की लेकिन उसमें कोई विस्फोटक नहीं मिला। हालांकि इसे सुनिश्चित करने के लिए चंडीमंदिर से बम डिस्पोजल टीम को बुलाया गया था। सेना की टीम की जांच में भी कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया जिसके बाद ऑपरेशन खत्म हुआ। सेक्टर-43 में जिस जगह पुलिस का सर्च ऑपरेशन चला, उससे थोड़ी दूरी पर ही चंडीगढ़ का बस स्टैंड भी है। वहां भी पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया लेकिन वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।