पुलिस की गिरफ्त में लॉरेंस बिश्नोई।
- फोटो : एएनआई
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मुख्य आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का चंडीगढ़ जिला अदालत ने एक बार फिर प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। यह प्रोडक्शन वारंट वर्ष 2019 में हुई शहर के प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की हत्या के मामले में जारी हुआ है। इस मामले में मार्च 2022 से सितंबर माह तक कई बार प्रोडक्शन वारंट जारी किया जा चुका है, लेकिन अभी तक गैंगस्टर बिश्नोई को अदालत में पेश नहीं किया गया।
31 अगस्त को हुई इस मामले की सुनवाई में एक बार फिर गैंगस्टर बिश्नोई के प्रोडक्शन वारंट जारी किए गए हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी जिसमें पुलिस को लॉरेंस बिश्नोई को अदालत में पेश करना होगा।
यह था मामला
28 सितंबर 2019 को प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की उसके बुड़ैल स्थित ऑफिस में दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में करीब पांच लोग शामिल थे। इस घटना में फायरिंग के दौरान सोनू के साथ मौजूद दो अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हो गए थे। वारदात के करीब एक घंटे बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी।