हरियाणा शिक्षा विभाग में चल रहे ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव को लेकर विभाग ने माना है कि 1038 शिक्षकों (प्रिंसिपल, पीजीटी और टीजीटी) के तबादले पॉलिसी में गलत फॉर्मूला लगने की वजह से अन्य स्कूलों में हो गए थे। अब इसमें सुधार करते हुए उचित फॉर्मूले के तहत उन्हें नए स्कूल दिए गए हैं।
विभाग के मुताबिक अभी जो दोबारा तबादला आदेश जारी किए गए हैं वो केवल गलत फार्मूला से दूसरे स्कूलों में ट्रांसफर हुए शिक्षकों के ही हैं। विभाग जल्द से जल्द सभी प्रिंसिपल, हेडमास्टर, ईएसएचएम, पीजीटी और टीजीटी की तबादला प्रक्रिया पूरी करने जा रहा है।
विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि अगर किसी एक शिक्षक का स्थानांतरण प्रभावित होता है तो उस वजह से अन्य शिक्षकों का स्थानांतरण भी प्रभावित होता है। इसलिए जो अध्यापक यह शिकायत कर रहे हैं कि उन द्वारा सुगम संपर्क पर शिकायत नहीं डाली गई थी, फिर भी उनके स्थानांतरण आदेश में बदलाव किया गया है, ऐसे अध्यापकों के लिए विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है।
विभाग ने कहा है कि शिक्षक ऐसी किसी अफवाह पर ध्यान न दें जिसमें कहा जा रहा कि केवल सुगम पोर्टल पर शिकायत देने वाले शिक्षकों के ही फिर से तबादले किए गए हैं। जिन शिक्षकों ने सुगम संपर्क पोर्टल पर तबादला संबंधी शिकायत दर्ज कराई है जल्द ही उनकी समस्या का भी समाधान पॉलिसी अनुसार किया जाएगा। विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि इन तबादलों के बाद जल्दी ही जेबीटी और गेस्ट टीचर की तबादला प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया जाएगा। विभाग की ओर से साफ किया गया कि तबादलों से संबंधित जो भी जानकारी शिक्षकों को चाहिए उसके लिए विभाग की ओर से जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर और डेस्क पर संपर्क करें।