भाजपा में शामिल होने के बाद बबला ने कहा कि वो मोगा से हैं और मोगा में संघ की शाखा को वो देखते थे। लाठी चलाना उन्होंने वहीं सीखा, इसलिए उनकी ये घर वापसी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनका दम घुटने लगा था। वहां परिवारवाद हावी है। कमजोर लोगों को बड़े पद दिए जाते हैं ताकि वो बोल न पाएं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गायब हैं। चुनाव खत्म होने के बाद उन्होंने किसी से बात नहीं की। बबला ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के पैर भी छुए। कहा कि सदन में भले वो कांग्रेस के साथ बैठे होते थे लेकिन उनका दिल कहीं और होता था। उन्होंने सांसद किरण खेर को बड़ी बहन और संजय टंडन व सूद को भाई बताया।
‘जिस पार्टी के पार्षद को हिंदी पढ़ना नहीं आता, वहां जाने का सवाल ही नहीं था’
बबला ने आम आदमी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि आप के साथ जाने का कोई सवाल नहीं बनता है, क्योंकि वो झूठे वादे कर के चुनाव जीते हैं। कहा कि उस पार्टी के साथ वो कैसे जा सकते थे, जिनके पार्षद को हिंदी तक पढ़ना नहीं आता। वो शपथ पत्र भी नहीं पढ़ पाए। दल बदलने के सवाल पर बबला ने कहा कि जिन्होंने भाजपा से नाराज होकर उन्हें वोट दिया है, वो उन सब लोगों को मना लेंगे। हरप्रीत कौर बबला ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा ज्वाइन की है तथा भाजपा शासित नगर निगम द्वारा शुरू किए गए सभी विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगी।
बबला के भाजपा में जाने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पार्टी में अगर कोई अनुशासन तोड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है, उसी के तहत उन्हें पार्टी से निकाला गया है। शहर में सबसे ज्यादा वोट कांग्रेस को मिला है, इसलिए सभी पार्टियों को कांग्रेस का मेयर बनाने में सहायता करनी चाहिए। - सुभाष चावला, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
बबला ने बिना किसी शर्त के भाजपा को समर्थन दिया: सूद
देवेंद्र सिंह बबला और हरप्रीत कौर बबला ने बिना किसी शर्त के भाजपा को समर्थन दिया है और पार्टी ज्वाइन की है। हमने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि वे चंडीगढ़ के विकास के लिए, स्थायी नगर निगम प्रशासन देने, चंडीगढ़ के हित के लिए और चंडीगढ़ व केंद्र सरकार में बेहतर तालमेल के मद्देनजर चंडीगढ़ के विकास के लिए अंतरात्मा की आवाज सुनकर भाजपा को समर्थन दें। - अरुण सूद, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
कांग्रेस को अब खुलकर आप के समर्थन में आ जाना चाहिए: गर्ग
मेयर तो आम आदमी पार्टी का ही बनेगा। लोगों की भावनाओं की कद्र करते हुए कांग्रेस को अब खुलकर आम आदमी पार्टी का समर्थन कर देना चाहिए और मेयर बनाने में हमारी सहायता करनी चाहिए। हम न तो किसी को खरीदेंगे, न ही बिकेंगे। हम किसी भी पार्टी के पार्षदों को जोड़ने-तोड़ने की कोशिश नहीं करेंगे। - प्रेम गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष, आम आदमी पार्टी