चंडीगढ़। सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में वीरवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मुकाबले में चंडीगढ़ ने छत्तीसगढ़ को 6 विकेट से हराया। यह मुकाबला सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। मैच में टॉस जीतकर चंडीगढ़ ने छत्तीसगढ़ की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। छत्तीसगढ़ की टीम अपनी पारी में 6 विके ट पर 161 रन ही बना पाई। टीम के सलामी बल्लेबाज शशांक चन्द्राकर (11) और आशुतोष सिंह (7) को गेंदबाज जसकरनदीप सिंह ने सस्ते में आउट किया। इसके बाद जब गेंदबाज बिपुल शर्मा ने अमनदीप खरे को तीन के निजी स्कोर पर चलता किया तो उस समय टीम 3 विकेट पर 26 रन ही बना पाई थी। इस बीच कप्तान हरप्रीत भाटिया ने 44 रन बनाकर पारी को संभाला जो बाद में गेंदबाज अनिरुद्ध कंवर का शिकार बने। वहीं विशाल सिंह ने 29 गेंदों की तूफानी पारी में छह छक्के और दो चौकों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए और अपनी टीम के स्कोर को 6 विकेट पर 161 तक पहुंचाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम के सलामी बल्लेबाजाें ने बिना विकेट खोए टीम का स्कोर 51 तक पहुंचाया। इसके तुरंत बाद शिवम भांवरी 28 रन और कप्तान मनन वोहरा 33 के स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद टीम के गौरव पुरी ने 19 रन और सरनदीप सिंह ने 9 रन बनाए। जबकि टीम के लिए बिपुल शर्मा ने विजय शॅाट लगाकर 19वें ओवर में 162 रन बनाकर मैच जीत लिया। बिपुल शर्मा ने मात्र 33 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 62 रन बनाए।
वहीं दिन का दूसरा मैच गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल 56 में पंजाब और रेलवे की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच में रेलवे ने पंजाब को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रेलवे के सलामी बल्लेबाज मृनल देवधर 37 और प्रथम सिंह 25 ने सधी हुई शुरुआत की और पांचवें ओवर तक पहले विकेट की साझेदारी में 49 रन जोड़े। टीम से विक्रांत राजपूत ने महत्वपूर्ण 33 और मोहम्मद अहमद ने भी 32 रनों का योगदान दिया। निचले पायदान के खिलाड़ी कुछ अधिक नही कर पाए। रेलवे की टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। गेंदबाजी में पंजाब के लिए सिद्धार्थ कौल ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम शुरू में ही लड़खड़ा गई। जब टीम का स्कोर दो विकेट पर 18 रन था, तब अनमोल प्रीत सिंह ने 84 रनों की पारी खेली। इसके बावजूद वे पंजाब की टीम को जीत नही दिला पाए। पंजाब की टीम लक्ष्य से पांच रनों से चूक गई।
दिन के अन्य मैच में हिमाचल प्रदेश ने अरुणाचल प्रदेश को चार विकेट से हराया। अरुणाचल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और बीस ओवर में 6 विकेट पर 118 रन बनाए। गेंदबाजी में पंकज जसवाल ने चार ओवरों में 18 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं श्रृषि धवन और मयंक ने एक- एक विकेट चटकाए। जवाब में हिमाचल प्रदेश की टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 15वें ओवर में 119 रन बनाकर मैच जीत लिया। दिन के आखिरी मैच में महाराष्ट्र ने हैदराबाद को छह विकेट से हराया। पहले ख्ेालते हुए हैदराबाद की टीम ने बीस ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में महाराष्ट्र की टीम ने 4 विकेट पर 164 रन बनाकर मैच जीत लिया।