चंडीगढ़। क्रिकेट स्टेडियम-16 में मंगलवार से एसबीआई इंटर सर्कल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हो गया। प्रतियोगिता में एसबीआई की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। चार दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के मैच पीसीए स्टेडियम मोहाली, डीएवी कॉलेज-10 चंडीगढ़, क्रिकेट स्टेडियम-16 और महाजन क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे। पहले दिन चंडीगढ़ ने पटना को 10 विकेट से हराया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चीफ जनरल मैनेजर आशुतोष कुमार सिंह ने किया। उनके साथ एसबीआई सर्कल वेलफेयर कमेटी के जनरल सेक्रेटरी संजीव बंदलीश मौजूद थे। उन्होंने बताया कि खेल भावना को प्रमोट करने के मकसद से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। पटना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 71 रन की पारी खेली। टीम की तरफ से राजीव रंजन ने 16 रन, ऋषिकांत ने 15 रन की पारी खेली। चंडीगढ़ की तरफ से वरुण और सरबजीत ने तीन-तीन विकेट और सिद्धार्थ कौल ने दो विकेट लिए।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम ने 4.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की तरफ से रवि इंदर ने 20 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाकर 54 रन और विश्वास भल्ला ने 8 गेंदों में तीन चौके लगाकर 16 रन बनाए।
इसी प्रतियोगिता में जयपुर ने लखनऊ को 18 रन से हराया। केरल ने भुवनेश्वर को 156 रन से हराया और अहमदाबाद ने कोलकाता को 18 रन से हराकर लीग मुकाबले में जीत दर्ज की।