चंडीगढ़। तीन वकीलों दीपक शर्मा, अंशुल कौशल और अमनदीप सिंह पर असामाजिक तत्वों ने रविवार रात खरड़ में हमला कर दिया। इसमें तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। अंशुल शर्मा के सिर पर टांके लगाने पड़े हैं। वकीलों पर हमले के विरोध में सोमवार को चंडीगढ़ और मोहाली की अदालतों में वकीलों ने कामकाज ठप रखा। उधर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया है।
सोमवार को घायल वकीलों का हाल पूछने पहुंचे पूर्व प्रधान अशोक चौहान और सुनील टोनी ने बताया कि तीनों वकील फिल्म देखकर लौट रहे थे। रास्ते में कुछ लोग एक टैक्सी ड्राइवर को पीट रहे थे। जब उन्होंने टैक्सी ड्राइवर को बचाना चाहा तो हमलावरों ने उन पर ही हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि यदि शहर में वकील ही सुरक्षित नहीं हैं तो कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत के सभी वकीलों और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मोहाली ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। वकीलों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए सोमवार को चंडीगढ़ और मोहाली कोर्ट में कामकाज ठप रखा।