चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने बुधवार को एक दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लगाया। इस दौरान सभी सरकारी व निजी दफ्तरों के साथ औद्योगिक इकाइयां आदि बंद रहीं लेकिन रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों को छूट दी गई थी। ऐसे में चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की बसें पूरे दिन सड़कों पर खाली दौड़ती रहीं।
सीटीयू के अधिकारियों को अंदेशा था कि बुधवार को सवारियां नहीं मिलेंगी, लेकिन प्रशासन ने सार्वजनिक परिवहन को जारी रखने के निर्देश दिए थे। ऐसे में सभी रूटों पर कम बसों को चलाया गया। जानकारी के अनुसार, सिर्फ 60 प्रतिशत बसें ही बुधवार को सड़कों पर उतरीं लेकिन वह भी करीब-करीब खाली ही दौड़ती रहीं। हर बस में मुश्किल से चार से पांच लोग सफर कर रहे थे। यही कारण है कि डिपो नंबर-1 से 70, डिपो नंबर-2 से 72, डिपो नंबर-3 से 50 और डिपो नंबर-4 से भी 50 के करीब बसें ही चलीं। डिपो नंबर-3, 4 से सिर्फ लोकल रूट की बसें चलती हैं। वहीं, डिपो नंबर-1 से लंबी दूरी और डिपो नंबर-3 से लोकल और लंबी दोनों रूट की बसें चलती हैं। इसके अलावा ऑटो रिक्शा भी चलते रहे, जिन पर भी कोई रोक नहीं थी, लेकिन ऑटों रिक्शा चालकों को भी सवारियां नहीं मिलीं।