चंडीगढ़। ऑपरेशन सेल ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे दीपक उर्फ
दीपक बनूड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को बुड़ैल जेल से प्रोडक्शन
वारंट पर लेकर आई थी। इसके बाद उसकी निशानदेही पर मोहाली के गांव नंडियाली
निवासी सिमरनजोत सिंह (30) को गिरफ्तार किया। सिमरन से प्वाइंट 32
बोर की पिस्टल, मैग्जीन और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने
आरोपी सिमरनजोत को शुक्रवार को जिला अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
दीपू को पुलिस शनिवार को अदालत में पेश करेगी।
ऑपरेशन सेल दीपू को बुड़ैल जेल से दो दिन के प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई
थी। रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने बताया कि वह वारदात के बाद वह हथियार सिमरजोत सिंह के पास छिपा देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोहाली के गांव नडियाली में दबिश देकर सिमरनजोत को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि दीपू को कुछ दिन पहले ही शादी के लिए एक दिन की छुट्टी मिली थी।
बॉक्स
हत्या समेत डकैती के 13 मामले हैं दर्ज
दीपक उर्फ दीपू बनूड़ के खिलाफ वर्ष 2016 से लेकर 2017 तक हत्या के चार केस
दर्ज हुए थे। वर्ष 2014 से 2021 तक 9 केस हत्या के प्रयास और वर्ष 2014 से
2021 तक डकैती के तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी 12वीं पास है। वहीं सिमरनजोत
सिंह पहले मोहाली नगर निगम में काम करता था। फिलहाल वह खेतीबाड़ी का काम करता है।
बॉक्स
ऑपरेशन सेल ने 22 दिनों में पांच गुर्गों को किया गिरफ्तार
ऑपरेशन सेल के प्रभारी अमनजोत सिंह के नेतृत्व में 22 दिनों में लॉरेंस बिश्नोई के पांच गुर्गों को रंगदारी
मांगने के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें गांव भैंसा टिब्बा निवासी सतबीर चौधरी उर्फ गुज्जर, सेक्टर-33 निवासी इंद्रपीत सिंह उर्फ पैरी, किशनगढ़ निवासी मंजीत सिंह, दीपक बनूड़ और सिमरनजोत सिंह शामिल हैं। पैरी से ऑपरेशन सेल को यूएस मेड राइफल, ऑस्ट्रिया मेड पिस्टल, चीन मेड पिस्टल और 30 कारतूस बरामद हुए थे।