चंडीगढ़। सेक्टर-44 में एक्टिवा सवार झपटमार एक युवती से पर्स छीनकर फरार हो गया। पर्स में मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे। मामले की सूचना पर पहुंची सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में तानिया भाटिया ने बताया कि वह सेक्टर-44 में रहती हैं। मंगलवार रात वापस अपने घर जा रही थी। इस दौरान सेक्टर-44 स्थित मकान नंबर 2278 के पास पहुंची तो एक्टिवा सवार युवक ने उनका पर्स छीन लिया। इस दौरान आरोपी के पीछे भागने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वह फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि उसके पर्स में एक मोबाइल, दो क्रेडिट कार्ड, दो डेबिट कार्ड के अलावा जरूरी कागजात थे। वहीं, पुलिस ने अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। बता दें कि बीते सप्ताह बुधवार को सेक्टर-44 में महिला से चेन झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया गया था।