pradeep chabra and sanjay tandon
- फोटो : file photo
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा यूटी किक्रेट एसोसिएशन के महासचिव सुभाष महाजन के खिलाफ मंगलवार को पुलिस में शिकायत देने जा रहे हैं। छाबड़ा ने कहा कि महाजन मेरे बारे में गलत कह रहे हैं कि मैं क्रिकेट एसोसिएशन का सदस्य तक नहीं रहा।
2009 से मैं एसोसिएशन का सदस्य हूं। इसके दस्तावेज भी मेरे पास हैं। जबकि टंडन से पहले रविंदर तलवार को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था, वह कभी पिछली कार्यकारिणी में सदस्य ही नहीं रहे हैं। छाबड़ा का कहना है कि सुभाष महाजन सिर्फ अपने बेटे को राष्ट्रीय स्तर पर खिलाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। इसलिए ही महाजन ने उनका फर्जी इस्तीफा तैयार करके टंडन को अध्यक्ष बनाया, जबकि कार्यकारिणी के सदस्य अभी उनके साथ हैं।
वहीं सुभाष महाजन का कहना है कि छाबड़ा को पुलिस में नहीं सीबीआई में शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। उनका कहना है कि सच कभी भी बदलेगा नहीं। छाबड़ा अगर कह रहे हैं कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया तो हस्ताक्षर की जांच करवा लेनी चाहिए। उनका कहना है कि छाबड़ा को अब पद छोड़ने के बाद आरोप लगाना शोभा नहीं देता। उनका कहना है कि लड़ाई वही करता है, जिसने कोई हेराफेरी की हो।