चंडीगढ़। होशियारपुर के गांव खुर्दा के सरपंच सतनाम सिंह की हत्या के मामले में जिला अदालत ने वीरवार को नए सिरे से प्रोडक्शन वारंट जारी किए। ये वारंट गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बावा, मंजीत सिंह बॉबी, हरविंदर सिंह उर्फ आकाश के खिलाफ जारी किए गए हैं। तीनों आरोपियों के अलग-अलग जेलों में बंद होने के कारण मामले का ट्रायल अब तक शुरू नहीं हो पाया है। 9 मार्च 2020 से ट्रायल शुरू होना था। गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बावा अंबाला जेल में, मंजीत सिंह बॉबी होशियारपुर जेल में जबकि हरविंदर सिंह महाराष्ट्र की जेल में बंद है।
मामला 9 अप्रैल 2017 का है। सेक्टर-38 वेस्ट के गुरुद्वारे के बाहर सुबह करीब 11 बजे गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बावा, मंजीत सिंह बॉबी और हरविंदर सिंह उर्फ आकाश ने होशियारपुर के खुर्दा गांव के सरपंच सतनाम सिंह की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। तीनों ने पहले सतनाम पर तलवार से हमला किया और उसके बाद ताबड़तोड़ सात गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद सतनाम ने वहां से भागने की कोशिश की और एक ट्रक के टायर के पीछे छिप गया। इसके बावजूद आरोपी उस पर गोलियां चलाते रहे। हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस बीच सतनाम सिंह को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। बता दें कि सतनाम किसी अन्य हत्या के मामले में चश्मदीद गवाह था। वह अदालत में गवाही न दे सके, इसलिए उसकी हत्या कर दी गई।