आम बजट 2016 पर सीआईआई चंडीगढ़ ने विशेषज्ञों के साथ मंथन किया और इसे रोजगार के साथ सुशासन बढ़ाने वाला बताया। केंद्रीय बजट 2016-17 कारोबारी माहौल में लंबे समय तक स्थिरता की भावना लाने और कारपोरेट टैक्स का रेट 25 फीसदी तक नीचे लाने की दिशा में एक रोडमैप है।
यह कहना है पंजाब सरकार के एडिशनल चीफ सेकेट्री डॉ. करन अवतार सिंह का। उन्होंने सीआईआई नार्दर्न रीजन द्वारा केपीएमजी के सहयोग से आयोजित ‘यूनियन बजट- इनसाइट्स एंड एनालिसिस 2016-17’ के दौरान कही। इस सेशन में कई सरकारी विभागों के एक्सपर्ट अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस मौके पर डॉ. सिंह ने कहा कि आम बजट निर्माण को बढ़ावा देगा और मेक इन इंडिया के विचार को मजबूत करेगा। हाइवे बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है। रोड कनेक्टिविटी बढ़ेगी। करों में राज्यों की हिस्सेदारी के हस्तांतरण में वृद्धि एक और सकारात्मक पहल है। बजट का फोकस ग्रामीण विकास पर है।
वहीं सेंट्रल एक्साइज एंड सर्विस टैक्स कमिश्नर चंडीगढ़ के प्रिंसिपल कमिश्नर एसएल ठाकुर ने कहा कि सेंट्रल एक्साइज एंड सर्विस टैक्स विभाग ने 24 घंटे कस्टम क्लीयरेंस के साथ ही कई अन्य पहलुओं पर काम कर लिया है। यह सुविधाएं मिलने लगी हैं। इसके साथ ही ई-मोड में एक्सचेंज ऑफ ट्रेड और ई-सिग्नेचर को प्रोत्साहन दिया गया है।
नार्थ वेस्ट रीजन चंडीगढ़ के सीआईटी रवि सारंगल ने कहा कि विवादित मामले में कमिश्नर के सामने अपील प्रस्तावित होने पर 10 लाख से कम आय वाले के लिए 15 फीसदी का भुगतान करने का नियम स्वागत योग्य है।
सीआईआई पंजाब स्टेट काउंसिल के वाइस चेयरमैन गुरमीत सिंह भाटिया ने कहा कि बजट नौ मुख्य सेक्टरों पर केंद्रित था। इसमें एग्रीकल्चर, ग्रामीण, बैंकिंग के साथ ही अन्य सेक्टर भी शामिल हैं। यह बजट राजकोषीय मजबूती के लिए पथ प्रदर्शक है। इसमें विकास और निवेश को बढ़ावा दिया गया है, जिसकी सराहना करने की जरूरत है।
वहीं अप्रत्यक्ष कर के बारे में टैक्स एक्सपर्ट हरप्रीत सिंह ने कहा कि कर प्रस्तावों को काफी हद तक मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है। डायरेक्ट टैक्स विशेषज्ञ नवीन गुप्ता के अनुसार यह बजट चीन, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया और सिंगापुर के साथ बराबरी पर लाने के लिए एक नया कदम है।
‘बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वाला’
चंडीगढ़-पंचकूला चैप्टर के इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट की ओर से आम बजट पर विश्लेषण किया गया। सेक्टर-35बी स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अतिरिक्त आयुक्त आयकर विभाग चेतन पीएस राव मौजूद रहे।
उनके अलावा उपायुक्त केंद्रीय उत्पाद शुल्क रचना सिंह, सीएमए चंडीगढ़ चैप्टर के चेयरमैन प्रीत मोहिंदर सिंह, बलविंदर सिंह समेत चैप्टर से जुड़े प्रोफेशनल और कॉरपोरेट डेलिगेट्स मौजूद रहे। मुख्य अतिथि अतिरिक्त आयकर आयुक्त चेतन ने आम बजट को दीर्घकालिक उपाय के तौर पर करार दिया।