आईटी पार्क से मंगलवार देर रात एक कंपनी के मैनेजर अभिषेक को हिरासत में लेकर जा रही सीबीआई दिल्ली की टीम को चंडीगढ़ पुलिस ने अपहरण की सूचना के बाद हिरासत में ले लिया। पुलिस को जब पता चला कि हिरासत में लिए लोग अपहरणकर्ता नहीं, सीबीआई के उपनिरीक्षक हैं तो जानकारी सीबीआई चंडीगढ़ के अफसरों को दी गई। स्थानीय सीबीआई टीम थाने पहुंची और दिल्ली के चारों अधिकारियों और कंपनी मैनेजर को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए चारों सब इंस्पेक्टर रैंक हैं और दिल्ली में तैनात हैं। चारों करीब दो साल पहले सीबीआई में भर्ती हुए हैं। उन्होंने बीटेक की हुई है। सूत्रों के मुताबिक, सुमित गुप्ता, राणा प्रदीप, और दो अन्य उपनिरीक्षक के खिलाफ सीबीआई ने जबरदस्ती वसूली व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
साथ ही चारों को सस्पेंड भी कर दिया गया है, हालांकि सीबीआई की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस भी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक को हिरासत में लेने के दौरान कंपनी के कर्मचारियों और सीबीआई टीम के बीच झगड़ा हो गया, लेकिन वे अभिषेक को कार में लेकर निकल गए। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने पुलिस को झगड़े और अपहरण की सूचना दे दी। चंडीगढ़ सीबीआई की टीम ने बुधवार सुबह करीब 11 बजे सेक्टर-26 थाने पहुंचकर चारों को हिरासत में ले लिया।