चंडीगढ़ कार्निवाल की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार इसकी थीम भी कुछ अलग होगी और कई नए रंग देखने को मिलेंगे। कार्निवाल 25-27 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस बार की थीम होगा, फैंटेसी अर्थात कल्पना तय किया गया है। थीम के मुताबिक कार्निवाल में ऐसा महसूस होगा जैसे सुखद कल्पनाओं में कहीं गुम हो गए हैं।
सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली में होने वाले कार्निवाल के लिए चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्ट्स के स्टूडेंट्स ने फ्लोट्स बनाने का काम शुरू कर दिया है। स्टूडेंट्स इमैजिनरी कैरेक्टर्स के फ्लोट्स बना रहे हैं। स्मार्ट सिटी प्रस्ताव की तैयारी के कारण पिछले साल कार्निवाल का थीम मेरे सपनों का शहर रखा गया था। लेकिन इस बार कुछ नया करने के लिए थीम भी अलग रखा गया है।
चंडीगढ़ कार्निवाल शहर के बड़े फेस्टिवल्स में से एक होता है। हर साल नवंबर के आखिरी सप्ताह में इसे आयोजित किया जाता है। तीन दिनों के इस फेस्टिवल में पूरे शहर में रौनक रहेगी। हर साल इस फेस्टिवल में पूरा शहर उमड़ पड़ता है। कार्निवाल में बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क, जॉय राइड्स और कैमल राइड्स भी होंगी। कलरफुल और अलग-अलग कैरेक्टर्स के फ्लोट्स बनेंगे जिन पर लोग राइड ले सकेंगे।
हिमेश रेशमिया, नीरज श्रीधर और बब्बू मान देंगे प्रस्तुति
कार्निवल में रोजाना म्यूजिकल ईवनिंग का आयोजन होगा। पहले दिन 25 नवंबर को तुम्ही हो बंधू सखा तुम्ही हो, लव मेरा हिट-हिट और कैरेक्टर ढीला फेम नीरज श्रीधर प्रस्तुति देंगे। दूसरे दिन शाम को पंजाबी सिंगर बब्बू मान रंग जमाएंगे। तीसरे और अंतिम दिन समापन अवसर पर बॉलीवुड के संगीतकार, एक्टर और गायक हिमेश रेशमिया अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्निवाल के दौरान फैशन शो भी करवाया जाएगा। इसमें मुंबई से कई मॉडल बुलाई गई हैं। गोविंदा की बेटी, मोनिका बेदी अन्य कई के इस इवेंट में शामिल होने की संभावना है।