प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने और उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाते हुए चंडीगढ़ भाजपा इकाई ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के सोशल मीडिया टीम के प्रमुख और मुंबई स्थित ट्विटर इंडिया के हेड अमित अग्रवाल को कानूनी नोटिस भेजा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने भाजपा चंडीगढ़ इकाई की ओर से स्पष्ट किया है कि कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से प्रधानमंत्री मोदी पर पीएम केयर फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।
यह भी पढ़ें- 'बिग बॉस 13' प्रतिभागी शहनाज गिल के पिता पर दुष्कर्म केस, बेटा बोला- बदनाम करने की साजिश
सूद ने बताया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा गत दिनों किए गए ट्वीट्स बिल्कुल निराधार हैं। इससे भाजपा पार्टी का हर सदस्य आहत हुआ है। सूद ने कांग्रेस के उस ट्वीट को भी निराधार बताया, जिसमें आरोप लगाए गए हैं कि प्रधानमंत्री ने पीएम केयर फंड को निजी कारणों के लिए उपयोग में लाए हैं।
भेजे गए नोटिस में सूद ने साफ शब्दों में कहा है कि पीएम केयर फंड एक चैरिटेबल फंड है। कोरोना के खिलाफ जंग में इसका उपयोग करना ही उद्देश्य है। इसके लिए एक समर्पित वेबसाइट है और यह एक स्वतंत्र ऑडिटर के अधीन है। फंड का आवंटन अधिकारिक घोषणा के बाद होता है। बावजूद इसके कांग्रेस द्वारा ट्वीट में लगाए गए आरोप ओछी राजनीति से प्रेरित हैं।