भाजपा नेता को फोन पर मिली धमकी।
- फोटो : freepik
चंडीगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता रामवीर भट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें पाकिस्तान के नंबर से फोन आया और उनके साथ उनके बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। भट्टी ने इस मामले की शिकायत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी दी है और जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भट्टी ने केंद्रीय मंत्री को दी शिकायत में बताया कि 26 सितंबर को उनके मोबाइल नंबर पर सुबह 11:44 पर पाकिस्तान के एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने पहले उन्हें गालियां दी और बेटे का नाम लेते हुए कहा कि दोनों भाजपा की राजनीति छोड़ दो, नहीं तो तुम्हें जान से मार देंगे। जब उन्होंने पूछा कि कौन बोल रहा है तो फोन करने वाले ने कहा कि वह सदर थाने से बात कर रहा है। भट्टी ने शिकायत में पुरानी मिली धमकियों की भी जानकारी दी है।
इससे पहले 18 जुलाई को भी उनकी पत्नी के मोबाइल पर एक पाकिस्तानी नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। लोकसभा चुनाव के दौरान भी 25 मई को दो मोटरसाइकिल सवार लड़कों ने उनके घर पर पत्थरों से हमला कर शीशे तोड़ दिए थे और धमकी भरा एक पत्र फेंककर फरार हो गए थे। भट्टी का मोहाली के एक गांव में ईंट-भट्टे का कारोबार है। वहां पर भी दो नकाबपोश आए थे और जान से मारने की धमकी देकर गए थे। किसान आंदोलन के दौरान भी उन्हें कई बार धमकी भरे पत्र मिले हैं।
तीन-चार साल से मिल रही धमकियां
भट्टी ने कहा कि तीन-चार साल से उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने संदेह जताया कि इसके पीछे कोई बड़ा षड्यंत्र हो सकता है। क्योंकि वह पिछले कई वर्षों से भाजपा के साथ जुड़े हैं और आरएसएस के सक्रिय स्वयंसेवक भी हैं। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री को इस पूरे मामले की जांच करने के साथ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पत्र की एक कॉपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासन गुलाबचंद कटारिया और डीजीपी सुरेंद्र सिंह यादव को भी भेजी है।