चंडीगढ़ प्रशासन जल्द ही प्री पेड कैश कार्ड लांच करने की तैयारी में है। शहर के नागरिक सीटीयू, शैक्षणिक संस्थानों और हास्पिटल के साथ ई संपर्क सेंटरों में इस कार्ड से पेमेंट कर सकेंगे। इस प्री पेड कार्ड को रिचार्ज करने के लिए चुनिंदा व्यवसायियों का चयन किया जाएगा।
अब चंडीगढ़ में कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन एक प्री पेड कैश कार्ड लांच करने की तैयारी में है। इस कार्ड के जरिए रेजीडेंट्स सभी सरकारी विभागों और चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग की बसों में पेमेंट कर सकेंगे। चंडीगढ़ की बसों में रोज करीब दो लाख यात्री सफर करते हैं। यह कार्ड सरकारी शैक्षणिक संस्थानों, हास्पिटल और ई संपर्क सेंटरों में मान्य होगा।
चंडीगढ़ प्रशासन 78 गवर्नमेंट टू सिटिजन (जी2सी), गवर्नमेंट टू बिजनेस (जी2बी) और बिजनेस टू कंज्यूमर (बीटूसी) सर्विसेज अपने 18 ई संपर्क सेंटरों और 11 ई संपर्क कियोस्क और 14 ग्राम संपर्क सेंटरों के माध्यम से दे रहा है। प्रशासन रेस्टोरेंट और खाने पीने के स्थानों को भी इसमें समाहित करने की योजना बना रहा है। इन कार्ड में सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। लोग इस कार्ड को व्यापारी के माध्यम से रिचार्ज करवा सकेंगे। इसके लिए व्यापारी के फोन पर एक एप इंस्टाल किया जाएगा। जिससे कि कार्ड को पढ़ा जा सके और पेमेंट किया जा सके। गौरतलब है कि चंडीगढ़ के कई विभागों ने पहले ही डिजिटल पेमेंट सिस्टम की शुरुआत कर दी है। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड पहला ऐसे विभाग बन गया है जिसमें फीस कैशलेश कर दी गई। इसके साथ ही चंडीगढ़ प्रशासन ट्रेडर्स को भी कैशलेस सिस्टम अपनाने के लिए कह रहा है।