कोरोना काल में ग्राहक पहले ही कम हैं, ऐसे में दुकानें बंद रहने से उनके पास किराया भरने का भी संकट खड़ा हो गया है। इन सभी समस्याओं पर गौर करते हुए शुक्रवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में वीकेंड लॉकडाउन को हटाने का फैसला लिया गया। इस फैसले के बाद से अब पहले की ही तरह शहर की सभी मार्केट शनिवार और रविवार को खोली जा सकेंगी। हालांकि, मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का सभी दुकानदारों को पालन करना होगा। वहीं, विभिन्न मार्केट में जारी ऑड-ईवन में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वह पहले की ही तरह जारी रहेंगे।
नेहरू एक्सटेंशन में 173 कोरोना मरीज भर्ती
बैठक में पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगत राम ने बताया कि पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन में अभी 173 कोरोना मरीज भर्ती हैं, जिसमें से 55 चंडीगढ़, 65 पंजाब, 31 हरियाणा और 10 हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते हैं। पीजीआई की ओर से लिए गए 962 कोरोना वायरस के सैंपल में से 87 पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया कि उन्होंने रैपिड एंटिजन टेस्टिंग किट से 241 सैंपल लिए, जिसमें से 36 पॉजिटिव पाए गए।
जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. बीएस चवन ने बताया कि अस्पताल की ओर से लिए गए 278 कोरोनावायरस के सैंपल में से 27 पॉजिटिव पाए गए हैं। बैठक में बदनौर ने निर्देश दिए कि स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान बच्चों को कोरोना के बचाव और लक्षणों की जानकारी दी जाए। इसके साथ ही शहरवासियों को जागरूक करने के लिए ऑडियो अनाउंसमेंट की जाए।