मनीमाजरा में मंदिर तोड़ने की कार्रवाई शुरू
- फोटो : संवाद
मनीमाजरा के वार्ड नंबर 4 स्थित सुभाष नगर एरिया में कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने वहां पर बने शिव मंदिर, साईं मंदिर और अवैध कमरों को गिरा दिया। इस पूरी कार्रवाई में चार जेसीबी मशीन लगाई गई। हालांकि भारी विरोध के चलते कार्रवाई को नगर निगम डेढ़ घंटे बाद शुरू कर पाया। निगम ने यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश पर की है।
सुबह 9:30 बजे नगर निगम द्वारा कार्रवाई शुरू करते ही सबसे पहले मेयर कुलदीप कुमार ही स्थानीय पार्षद और मंदिर कमेटी व आसपास के लोगों के साथ जेसीबी मशीन और पुलिस के सामने खड़े होकर विरोध करने लगे। इसके बाद पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग करके सबको वहां से हटाया। जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई।
तहसीलदार कम ड्यूटी मजिस्ट्रेट विनय चौधरी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में डीएसपी पी. अभिनंदन की अगुवाई में भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। लोगों के विरोध की भनक लगने के बाद चंडीगढ़ पुलिस के एसपी सिटी मुदुल ने खुद आकर मौके पर पूरा जायजा लिया था। उसके बाद आईटी पार्क थाना प्रभारी जुलदान सिंह और उनके पूरी पुलिस टीम ने यहां पर हंगामा को रोकने के लिए पूरी व्यवस्था की हुई थी।