चंडीगढ़ में 18 साल से ऊपर के लोगों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में दी जाएगी। पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मंगलवार को इस संबंध में फैसला ले लिया।
पिछले कई दिनों से प्रशासन वैक्सीन को लेकर केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहा था। हालांकि, अभी तक यह नहीं तय हो पाया है कि 18 से 44 वर्ष तक के लोगों को कब से वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रशासन के मुताबिक चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से वैक्सीन के लिए ऑर्डर दे दिया गया है, लेकिन अभी तक वैक्सीन मिली नहीं है। प्रशासन वैक्सीन का इंतजार कर रहा है। उम्मीद है कि 15 मई के बाद 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम शुरू हो सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने सीरम इंस्टीट्यूट को एक लाख वैक्सीन का ऑर्डर दिया था, लेकिन कंपनी ने फिलहाल एक लाख वैक्सीन देने में असमर्थता जाहिर की है। हालांकि, प्रशासन को जितनी भी वैक्सीन मिलेगी, 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीका लगाने का अभियान शुरू कर दिया जाएगा। इस मुद्दे पर प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने कहा कि अभी वैक्सीन नहीं मिली है, जैसे ही प्राप्त होगी टीकाकरण अभियान को शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं चंडीगढ़ के निजी अस्पतालों में टीकाकरण बंद कर दिया गया है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने निजी अस्पताल संचालकों को टीके की बची हुई खुराक विभाग को लौटाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि अब निजी अस्पतालों को टीका खरीदकर लगाना होगा। स्वास्थ्य विभाग टीके की आपूर्ति नहीं करेगा। वहीं, आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरएस बेदी ने बताया कि टीके की आपूर्ति करने वाली कंपनी का कहना है कि अगले 6 महीने तक आपूर्ति नहीं हो सकती।