शहर के अस्पतालों में कोरोना की स्थिति की समीक्षा के बाद प्रशासक ने निर्देश दिया कि जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ओपीडी शुरू की जाए। प्रशासन को बताया गया कि अभी फिलहाल पीजीआई की ओपीडी में रोजाना फिजिकली व टेली कंसल्टेशन के जरिए 4 हजार के करीब मरीज देखे जा रहे हैं। प्रशासक ने पीजीआई को रोजाना ओपीडी में 6 हजार मरीज देखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी अस्पतालों में पहले की तरह टेली कंसल्टेशन की सुविधा भी जारी रहेगी।
रात 12 बजे तक खुल सकेंगे होटल-रेस्टोरेंट
सरकारी, निजी दफ्तरों और बैंकों में अब 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम किया जा सकेगा। सरकारी कर्मचारियों का वर्क फ्रॉम होम खत्म कर दिया गया है। पहले कोरोना के केस बढ़ने के चलते 50 प्रतिशत कर्मचारियों को ही ऑफिस बुलाने की शर्त लगा दी थी, जिसे अब हटा लिया गया है। शहर के सभी होटल, रेस्टोरेंट, कॉफी हाउस और खाने पीने की दुकानें रात 12 बजे तक खोली जा सकेंगी।
होम डिलीवरी के लिए भी इतना ही समय निर्धारित किया गया है। बैठक में ट्राइसिटी के केसों के बारे में भी जानकारी दी गई। मोहाली में कोरोना के 3380, पंचकूला में 724 और चंडीगढ़ में 2590 सक्रिय मामले हैं। बैठक में सलाहकार धर्मपाल, डीजीपी प्रवीर रंजन, वित्त सचिव विजय नामदेवराव, स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग, डीसी विनय प्रताप सिंह और यूटी, मोहाली व पंचकूला के अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।