बता दें कि सुखना लेक को बीते रविवार को सुबह 5 बजे से 9 बजे और शाम को 6 बजे से 8 बजे तक खोला गया था। बाकी समय यहां सैलानियों के घूमने पर पाबंदी थी। इससे भारी अव्यवस्था पैदा हो गई थी।
शराब के ठेके रात 10.30 तक खुलेंगे, शादी व अन्य समारोह में अब 100 की मंजूरी
यूटी प्रशासन ने शराब के ठेकों को भी अब रेस्टोरेंट व बार की श्रेणी में डालकर उन्हें रात 10.30 बजे तक खोलने का आदेश दिया है। वहीं, शादी व किसी अन्य समारोह में अब अधिकतम 100 लोगों की मंजूरी होगी। इसके लिए अब तक केवल 50 की ही अनुमति थी। इसके साथ शर्त लगाई गई है कि स्टाफ ने कम से कम वैक्सीन की एक डोज ली हो या उनकी बीते 72 घंटे की आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव होनी चाहिए।
खेल विभाग के तहत आने वाले स्वीमिंग पूल को भी खोल दिया गया है। कहा गया है कि यहां सिर्फ उन्हीं को मंजूरी दी जाए, जिन तैराक व खिलाड़ियों ने वैक्सीन की एक डोज लगवाई हो। उनका हर 15 दिन बाद टेस्ट भी किया जाए। इसके साथ ही प्रशासक ने दोबारा फिर रोड गली के साथ शहर के सारे चो भी जल्द मानसून के आगमन से पहले साफ करने का आदेश दिया है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि शहर भर से बीते हफ्ते 10921 नमूने एकत्रित किए गए थे, जिनमें संक्रमण दर 0.6 प्रतिशत मिली है। वहीं, रिकवरी रेट 98.5 प्रतिशत रहा जबकि मृत्यु दर 1.31 प्रतिशत रही। उन्होंने बताया कि अब तक 5,66,601 लोगों को वैक्सीन की डोज दे दी गई। फिलहाल 26,199 डोज उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब सीटीयू बसों का सहारा लेगा। इन बसों के जरिए लोगों के पास जाकर टीका लगाया जाएगा। सुखना लेक पर भी विशेष टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को पहले दिन लेक पर शिविर लगाया गया।
पीजीआई के निदेशक प्रो. जगतराम ने बताया कि अस्पताल में इस वक्त 59 कोरोना के मरीज भर्ती हैं। इसमें से 5 चंडीगढ़, 32 पंजाब व 11 हरियाणा, 4 हिमाचल प्रदेश और 7 अन्य राज्यों से हैं। पीजीआई में रोजाना 140 सर्जरी की जा रही हैं। बताया कि ब्लैक फंगस के अब रोजाना 3 से 4 केस ही आ रहे हैं।
प्रो. जगतराम ने यह भी बताया कि 2000 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन बनाने वाले प्लांट की स्थापना की जा चुकी है और वह बुधवार से काम करना शुरू कर देगा। इससे आने वाली तीसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। जीएमसीएच-32 की निदेशक डॉ. जसबिंदर कौर ने बताया कि उन्होंने 4582 लोगों की कोरोना जांच की और इनमें से 0.4 प्रतिशत लोग ही संक्रमित पाए गए। बताया कि जीएमसीएच में सर्जरी व शारीरिक ओपीडी शुरू कर दी गई है लेकिन यह ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट पर है।