पुलिस ने गाड़ी से पिस्टल बरामद की। सीएफएसएल टीम मौके पर।
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-17 में शनिवार देर शाम 29 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लुधियाना निवासी अजय गिल के रूप में हुई है। वह दोस्तों के साथ सेक्टर-26 स्थित क्लब से लौट रहा था। मध्य मार्ग पर शराब के ठेके के पास कार रोकने के दौरान उसके सिर में गोली लगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जानकारी में गोली लाइसेंसी पिस्तौल से चलने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, अजय गिल अपने तीन-चार दोस्तों के साथ महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार (PB-22Z-7006) में चंडीगढ़ आया था। सभी सेक्टर-26 स्थित डैफ्लो क्लब गए थे। रात करीब 9:09 बजे लौटते समय वे सेक्टर-17 में मध्य मार्ग पर शराब के ठेके के पास रुके। इसी दौरान अजय के हाथ में मौजूद पिस्तौल से गोली चल गई। गोली उसके सिर को पार कर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोस्तों ने अजय को उसी कार से तुरंत सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना-17 के एसएचओ और डीएसपी सेंट्रल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और कार से लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की।
पुलिस गोली चलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह हादसा था या जानबूझकर गोली चलाई गई, इसका पता जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। कार की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामले में घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस की टीमें और फोरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। मृतक के दोस्तों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
-कंवरदीप कौर, एसएसपी चंडीगढ़ पुलिस