शहीदों की धरती पर नमन करने पहुंचे महान शहीद चंद्रशेखर आजाद के पौत्र अमित आजाद शहीदों के बारे में बात करते भावुक हो उठे। अमृतसर पहुंचे अमित आजाद ने कहा कि जिन शहीदों ने देश के लिए इतनी कुर्बानियां दी, आज वे देश की दशा देखकर कहीं न कहीं बैठे जरूर आंसू बहाते होंगे। जलियांवाला बाग में शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे अमित आजाद के साथ जन जागृति मंच के प्रतिनिधि भी शामिल थे।
उतर प्रदेश के उन्नाव जिले में हिंदोस्तान रिबेलियन आर्मी का संचालन करने वाले अमित आजाद ने बताया कि वे पहली बार अमृतसर शहीदों की धरती पर नमन करने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि हिंदोस्तान रिबेलियन आर्मी में यूपी के आठ हजार युवाओं को भर्ती किया गया है। इसमें युवाओं को अपने शहीदों के पदचिन्हों पर चलने और नैतिक मूल्यों को पालन करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंद्रशेखर आजाद के गांव काकोरी में आए थे और उन्होंने वहां के विकास का आश्वासन भी दिया था। इसके अतिरिक्त उनकी ओर से रेल मंत्री सुरेश प्रभु से मिलकर वहां पर शहीदों के नाम से रेलगाड़ी चलाने की मांग की गई है जिसे उन्होंने मान भी लिया है।