शहर के नए मेयर हरफूलचंद्र कल्याण की पहली हाउस मीटिंग हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं।
हाउस में दीप कांप्लेक्स का मुद्दा गर्मा सकता है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और बसपा में राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ पर जबरदस्त घमासान होगा।
वहीं बसपा पार्षद जन्नत जहां इस पर हंगामा करने को पूरी तरह तैयार है। जन्नत जहां का कहना है कि प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद इस एजेंडे को हाउस में लाकर समय बर्बाद किया जा रहा है। इस पर अभी तक निगम को काम शुरू कर देना चाहिए था।
निगम हाउस की बैठक में वीरवार को हल्लोमाजरा के साथ लगते दीप कांपलेक्स में पानी व सीवर की सुविधा देने का एजेंडा लाया जा रहा है।
यह एजेंडा पिछले साल अप्रैल में हुई बैठक में भी लाया गया था। अभी बीते दिनों प्रशासक के सलाहकार केके शर्मा ने यहां पानी व सीवरेज के कनेक्शन लगवाने को मंजूरी दे दी थी।
अब निगम को यहां पाइप लाइन बिछाने का काम करना है। प्रशासन से मिली मंजूरी पर कांग्रेस व बसपा अपना-अपना श्रेय ले रहे हैं।
बैठक में सेलवेल कंपनी को टॉयलेट ब्लॉक देने का भी टेबल एजेंडा लाया जा रहा है। इस पर भी हंगामा होने के पूरे आसार हैं।
ये एजेंडे भी होंगे शामिल
बैठक में लेजर वैली में जॉगिंग ट्रैक, सेक्टर-33/44 के साइकिल ट्रैक की रीकारपेटिंग करने, सेक्टर-31ए,बी,सी, डी मार्केट की रिकारपेटिंग करने, सेक्टर-33 व 45 की वी-3 रोड की रीकारपेटिंग और सेक्टर-39 वाटर वर्क्स में पंप सेट बदलने के एजेंडे बैठक में लाए जा रहे हैं। ये सभी पिछली बैठकों में डैफर हुए एजेंडा हैं।