बच्ची की कद-काठी देखकर यह आभास होता है कि उसकी उम्र 10 से 15 वर्ष के बीच होगी। बच्ची का नाम चाहत रखा गया है। 9 महीने की इस बच्ची का वजन 20 किलो है, जो सबके लिए हैरान करने वाला है। नौ माह की चाहत का वजन 20 किलो है। आमतौर पर इस उम्र में बच्ची का वजन सात से दस किलो के बीच रहता है। वजन बढ़ने से परेशान उसके माता-पिता वीरवार को पीजीआई लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने उसे देखा और उसे एडमिट कर लिया है। शुक्रवार से उसके ब्लड की जांच शुरू हो जाएगी। जांच के बाद ही इलाज शुरू होगा। बच्ची को एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में दाखिल कराया गया है। हालांकि बच्ची को वजन बढ़ने के अलावा कोई दूसरी दिक्कत नहीं है। आम बच्चों की तरह वह हंसती, खेलती और दूध पीती है।
चाहत के पिता सूरज कुमार ने बताया कि उनकी बच्ची का जन्म 24 जुलाई 2016 को हुआ था। जन्म के समय वह नार्मल थी। चौथे माह से उसका वजन बढ़ने लगा था। चार माह में उसका वजन नौ किलोग्राम हो गया। छठे माह में 15 और नौंवे में उसका वजन 20 किलो दर्ज किया गया है। इससे सूरज व उसकी पत्नी रेनू घबरा गई। उन्होंने अमृतसर के गुरु नानक बेबी नानकी हास्पिटल में दिखाया।
वहां के डाक्टरों ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। उसके बाद 20 अप्रैल को वे पीजीआई पहुंचे, लेकिन बेड न होने के कारण उन्हें वापस होना पड़ा था। वीरवार को जब वे पहुंचे तो डाक्टरों ने शाम को उसे एडमिट कर लिया। शुक्रवार से उसका इलाज शुरू होगा। सूरज ने बताया कि जब से चाहत जन्मी है, तब से वह मां का दूध पी रही है।