जून माह में प्रस्तावित संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने संभावित शेड्यूल तैयार कर लिया है। ग्रुप सी की भर्तियों के लिए 4 से 6 जून और डी ग्रुप के लिए 10 से 12 जून की तिथियां तय की हैं। आयोग को अब परीक्षा के लिए हरियाणा सरकार द्वारा जारी की जाने वाली नोटिफिकेशन का इंतजार है। इसमें ही परीक्षा का पैटर्न, सिलेबस और श्रेणी के अनुसार अंकों का निर्धारण किया जाएगा। आयोग का लक्ष्य इस साल 50 हजार भर्तियां करना है।
परीक्षा के लिए हरियाणा के करीब साढ़े 9 लाख युवाओं ने आयोग के पास अपना पंजीकरण कराया है। आयोग का कहना है कि परीक्षा के 15 दिन पहले आयोग की तरफ से सभी खाली पदों का ब्योरा जनता के बीच में रखा जाएगा। परीक्षा के 15 दिन पहले फिर से सीईटी के लिए युवाओं से आवेदन मांगे जाएंगे, ताकि परीक्षा में अधिक युवा शामिल हो सकें।
आयोग को उम्मीद है कि पदों की जानकारी होने के बाद परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ेगी। बता दें कि निगमों और बोर्डों की ओर से 30 हजार पदों के लिए पहले ही अनुरोध आ चुके हैं। इनमें 21 हजार पद तृतीय श्रेणी और 9 हजार ग्रुप डी के होंगे। इनके अलावा, ग्राम सचिव, कैनाल पटवारी और महिला सुपरवाइजर समेत करीब 10 हजार पदों के लिए नए सिरे से आवेदन मांगे गए हैं, जबकि आयोग के पास पहले से ही 10 पदों की भर्ती लंबित है।
आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी प्रकार की तैयारियां की जा रही हैं। नोटिफिकेशन के बाद सभी चीजें तय हो जाएंगी। आयोग का लक्ष्य है कि इस साल 50 हजार भर्तियां की जा सकें।