हाउसिंग बोर्ड के सीईओ के घर को कैंप ऑफिस बताते हुए बिजली के बिल का भुगतान सरकारी खजाने से करने के मामले में चेयरमैन मनिंदर सिंह बैंस ने सोमवार को कार्यकारी अभियंता (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
एसपी सिंह को तीन दिन में जवाब देने के लिए कहा गया है। मालूम हो कि हाल ही में सीईओ एसबी दीपक कुमार के सेक्टर-16 स्थित घर के बिजली के बिल का 18 हजार रुपये का भुगतान बोर्ड ने किया है।
क्योंकि सीईओ दीपक कुमार ने अपने घर को कैंप ऑफिस बताया और कार्यकारी अभियंता ने कैंप ऑफिस के आधार पर यह बिल राशि जारी की है। जबकि हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन का मानना है कि सीईओ का घर कैंप ऑफिस नहीं है।
मालूम हो कि चेयरमैन और सीईओ के बीच पहले से विवाद चल रहा है। सीईओ के घर पर बोर्ड के खर्चे से रेनोवेशन भी हुआ है। जिस पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। इस मामले में चेयरमैन के आदेश पर जांच भी हो चुकी है।